Agra: Minister’s son’s wedding procession did not come, then the bride arrived at the hospital with henna to see the groom
आगरालीक्स… आगरा में मंत्री के बेटे की बारात बेटी वाले के दरवाजे पर नहीं पहुंची तो दुल्हन मेहंदी रचे हाथों से दूल्हे को देखने पहुंची। क्या बोले मंत्री।
शादी की जोरदार तैयारियां की गई थी
प्रदेश के कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति के बेटे की शादी आगरा-जलेसर रोड स्थित गांव मुड़ी जहांगीरपुर निवासी एक युवती से तय हुई थी। बारात शुक्रवार रात को चढ़ने वाली थी। मंत्री के बेटे की बारात को देखते हुए जोरदार तैयारियां की गई थी। शाम को दावत शुरू हो गई।
बारात का इंतजार कर-कर थक गए घराती
बारात की खातिरदारी की तैयारी हो चुकी थी। लोग बारात का इंतजार करने के साथ दुल्हन भी मेहंदी रचे हाथों से इंतजार कर रही थी। बैंड-बाजे वाले बार-बार बैंड बजाते, जिससे लगता कि बारात अब शुरू होगी अब शुरू होगी।
दुल्हे की तबीयत खराब होने की जानकारी से दुल्हन सदमे में
देर रात लड़की वालों के घर फोन पहुंचा की दूल्हे दिलीप की तबीयत अचानक खराब हो गई है, उसे सिकंदरा स्थित एक नर्सिंग होम में दाखिल कराया है। इसलिए बारात नहीं आ रही है। इतना सुनते ही लड़की वाले घर में कोहराम मच गया। दुल्हन बनी लड़की भी सदमे में चली गई।
लड़की का पिता अस्पताल पहुंचा, सुबह तक कोशिश की फेरे लेने चला चले दूल्हा
लड़की पक्ष के लोग मंत्री के परिजनों से संपर्क करने में लगे तो पता चला कि दूल्हा नर्सिंग होम में है। लड़की का पिता रात में ही अपने रिश्तेदारों को लेकर नर्सिंग होम पहुंचा, जहां दूल्हे की हालत की जानकारी की और तड़के चार बजे तक इस कोशिश में लगे रहे कि तबीयत में सुधार हो तो किसी तरह दूल्हा फेरे लेने के लिए मंडप तक पहुंच सके लेकिन वह अपने प्रयास में विफल रहे।
मेहंदी रचे हाथों दुल्हन भी पहुंची नर्सिंग होम
सुबह लड़की के पिता और रिश्तेदार निराश होकर घर लौटे तो दुल्हन की हालत बिगड़ गई। सुबह होने पर दुल्हन परिवार की कुछ महिलाओं के साथ दूल्हे को देखने के लिए पहुंची। दोनों में काफी देर तक बात भी हुई लेकिन उसे अस्पताल से छुट्टी नहीं मिली, इससे वह भी निराश होकर लौट गई।
मंत्री बोले- संदिग्ध बुखार, डेंगू की है आशंका
इस संबंध में मंत्री धर्मवीर प्रजापति का कहना है उनके बेटे को बुखार आया था। हालत थोड़ी बिगड़ने पर अस्पताल भर्ती कराकर जांच कराई गई है, अगर उसे डेंगू की पुष्टि होती है तो लखनऊ ले जाकर उसका अच्छा इलाज कराया जाएगा। दुल्हन पक्ष के इंतजार करने पर उनका कहना था कि लड़की पक्ष से बात नहीं हो पाई थी, जिसकी वजह से वह सूचना नहीं दे पाए थे।