आगरालीक्स…आगरा से 114 सैन्यकर्मी उत्तरकाशी में बादल फटने से आई भारी तबाही के बाद मदद के लिए पहुंचे. C-295 और AN-32 सहित 5 भारतीय वायुसेना विमानों से 13.5 टन आपदा राहत सामग्री भी पहुंचाई
उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने के बाद आई तबाही के बाद से सेना ने रेस्क्यू का मोर्चा संभाल लिया है. जगह—जगह भूस्खनलन से रास्ते बंद हैं. ऐसे में सेना के जवान फंसे ग्रामीणों तक रास्ता बनाने में जुट गए हैं. आगरा एयरफोर्स स्टेशन से भी 114 सैन्यकर्मी यहां मदद के लिए पहुंच गए हैं. इसके अलावा स्टेशन से C-295 और AN-32 सहित 5 भारतीय वायुसेना विमानों से 13.5 टन आपदा राहत सामग्री भी पहुंचाई गई है. इसके अलावा अग्रिम एयरलिफ्ट ऑपरेशन के लिए बरेली और देहरादून में एएलएच और चिनूक हेलीकॉप्टर स्टैंडबाय पर हैं. सेना ने झोंकी पूरी ताकतबादल फटने के कहर के बाद जब हर तरफ मलबा, तबाही और चीखें थीं, तब सेना लोगों के लिए उम्मीद बनकर यहां सामने आई है. आईटीबीपी और आर्मी के जवानों ने अस्थाई पुल बनाने की कोशिश शुरू की है जिससे कि गांव में फंसे 200 लोगों तक राहत पहुंचाई जा सके. आपदा में रेस्क्यू के लिए सेना और राहत दल दिन रात डटे हुए हैं. मलबे में दबी जिंदगियों को बचाने के लिए सेना पूरी ताकत के सथ मैदान में है और हर पल की निगरानी आपदा कंट्रोल रूम से की जा रही है.