आगरालीक्स…आगरा में 116 युवाओं को मिली नौकरी. रोजगार मेले में इन पांच कंपनियों ने किया चयन…
आज क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, एमजी रोड, आगरा परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेला प्रारम्भ होने से पूर्व मेले में प्रतिभाग करने हेतु आये हुए कम्पनियों के एचआर प्रतिनिधियों द्वारा उनकी कम्पनी में उपलब्ध रिक्तियों तथा रिक्तियों के सापेक्ष योग्यता वेतन आदि के बारे में विस्तार से बेरोजगार अभ्यर्थियों को बताया गया। इसके उपरान्त मेला प्रांगण में स्थित कक्षों में एचआर मैनेजरों द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से चयन की प्रक्रिया सम्पन्न की गयी। इस वृहद रोजगार मेले में 05 कम्पनियों यथा- रिलायन्स जियो, डीवीवीएनएल, 108 इमरजेन्सी सर्विस, पटेल एण्ड पाटिल सिक्यूरिटाज, एलआईसी ऑफ इण्डिया आगरा द्वारा प्रतिभाग किया गया।
सहायक निदेशक (सेवायोजन) आगरा चन्द्रचूड़ दुबे ने अपने सम्बोधन में बेरोजगार अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन किया एवं मनोयोग एवं मेहनत के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया, तत्पश्चात सेवायोजन पोर्टल तथा सेवामित्र पोर्टल पर बेरोजगार अभ्यर्थियों हेतु सुविधाओं की जानकारी प्रदान की तथा इस रोजगार मेले के महत्व पर प्रकाश डाला। सुगन्धा जैन, जिला रोजगार सहायता अधिकारी तथा सौरभ सहायक जिला रोजगार सहायता अधिकारी, आगरा द्वारा वृहद रोजगार मेले में आये अभ्यर्थियों की कैरियर काउन्सिलिंग की गई तथा आगन्तुकों का धन्यवाद कर मेले का समापन किया। इस वृहद रोजगार मेले में कुल 324 बेरोजगार अभ्यर्थियों द्वारा प्रतिभाग किया गया जिसमें से अन्तिम रूप से 116 अभ्यर्थी चयनित/ शार्ट लिस्ट लिए गए। इस अवसर पर कुलदीप शर्मा, विकास त्रिपाठी, धीरज श्रीवास्तव, तरूण प्रकाश शर्मा आदि समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।