आगरालीक्स…मां बनने में कारगर होगी एआरटी की आधुनिक तकनीक. आगरा में एकेडमी ऑफ क्लीनिकल एम्ब्रियोलॉजिस्ट द्वारा 14वीं एसीई 2026 कल से. 800 से अधिक विशेषक्ष जुटेंगे
आगरा में चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र का एक बड़ा शैक्षणिक आयोजन होने जा रहा है। जहां देश भर से 800 से अधिक विशेषज्ञ घर-घर में किलकारी गूजें, इसके लिए चिकित्सकीय पहलुओं व आधुनिक तकनीकों पर विचार मंथन व समाधान पर चर्चा करेंगे। एकेडमी ऑफ क्लीनिकल एम्ब्रियोलॉजिस्ट, इंडिया द्वारा आयोजित 14वीं “ACE 2026” इंटरनेशनल कांग्रेस 7 से 9 अगस्त 2026 तक आईटीसी मुगल में आयोजित होगी। इस तीन दिवसीय सम्मेलन से पहले 7 अगस्त को प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप्स का विशेष आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के विशेषज्ञ एंब्रायोलॉजी और आर्टिफिशियल रिप्रोडक्टिव टेक्नोलॉजी (ART) से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण देंगे।कार्यशाला के आयोजन सचिव डॉ. केशव मल्होत्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्री-कॉन्फ्रेंस डे को पूरी तरह प्रैक्टिकल और स्किल-बेस्ड बनाने पर जोर दिया गया है। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाली फुल डे वर्कशॉप्स में “ब्लास्टोसिस्ट एनिग्मा: फ्रॉम मॉर्फोलॉजी टू प्रेडिक्टिव मॉडलिंग”, “माइक्रोमैनिपुलेशन मास्टरी एंड सीक्रेट्स” (लाइव डेमो सहित) और “विट्रिफिकेशन टेक्निक्स” जैसे विषय शामिल हैं। इन सत्रों का उद्देश्य प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकों की गहराई से समझ देना और उनकी व्यावहारिक दक्षता बढ़ाना है। डॉ. केशव ने कहा कि इसके अलावा सत्रों में “स्पर्म सेलेक्शन मास्टरक्लास”, “क्रायो क्राइसिस: ट्रबलशूटिंग इन विट्रिफिकेशन” और “बायोप्सी वैलिडेशन लैब” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर फोकस रहेगा। इन कार्यशालाओं में प्रतिभागियों को वास्तविक लैब परिस्थितियों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे अपनी पेशेवर क्षमता को और अधिक मजबूत बना सकें।
दोपहर के बाद होने वाले वर्कशॉप्स में “एम्ब्रियो विजुअलाइजेशन की ऑप्टिक्स”, “टेस्टिकुलर स्पर्म की खोज” और “अरेस्टेड डेवलपमेंट” जैसे जटिल विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। ये सत्र उन पेशेवरों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होंगे जो ART और IVF तकनीकों में विशेषज्ञता हासिल करना चाहते हैं। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नरेन्द्र मल्होत्रा व डॉ. जयदीप मल्होत्रा के अनुसार, यह प्री-कॉन्फ्रेंस डे प्रतिभागियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं देगा, बल्कि उन्हें वास्तविक अनुभव और कौशल भी प्रदान करेगा। इस आयोजन के माध्यम से चिकित्सा क्षेत्र में नवाचार, शोध और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। ACE 2026 का यह प्री-कॉन्फ्रेंस चरण आने वाले मुख्य सम्मेलन के लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगा, जहां वैज्ञानिक चर्चा और नेटवर्किंग के नए अवसर खुलेंगे। आगरा में आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है।