मथुरालीक्स…मथुरा के छाता में बसेगा नया आधुनिक शहर. 117 हेक्टेयर में मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण लांच करेगा बड़ी आवासीय योजना. जानिए क्या होगा खास
मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण छाता में नयी आवासीय योजना लांच करने जा रहा है. करीब 117 हेक्टेयर में छाता में आधुनिक शहर बसाने का प्रस्ताव है और इस योजना को जल्द ही बाजार में उतारने की तैयारियां भी तेज हो गई है. यह योजना दिल्ली आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर होगी इसके लिए 102 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण हो चुका है. प्राधिकरण के अनुसार शेष भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है.एमवीडीए उपाध्यक्ष लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि छाता आवासीय योजना के लिए भूमि अधिग्रहण लगभग पूरा हो गया है. वृंदावन की रुक्मणि विहार आवासीय योजना के 18 सालों बाद प्राधिकरण इतनी बड़ी आवासीय योजना लेकर आ रहा है. इस आधुनिक टाउनशिप में आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों के अलावा स्कूल, कॉलेज, ग्रुप हाउसिंग, होटल, अस्पताल, सुपर मार्केट, शापिंग कॉम्पलैक्स के साथ अन्य सामुदायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी. योजना को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक शहरी सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा.