आगरालीक्स…आगरा में ट्रेन के अंदर नकली किन्नर बनकर पैसे ऐंठने और यात्रियों से अभद्रता व परेशान करने वाले 54 लोगों को पकड़ा.
रेलवे सुरक्षा बल आगरा मण्डल, उत्तर मध्य रेलवे द्वारा ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के साथ होने वाली अभद्रता, अनाधिकृत यात्रा एवं जबरन धन उगाही जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर के बीच आगरा मण्डल में विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान ऐसे 54 व्यक्तियों को पकड़ा गया जो ट्रांसजेंडर की पहचान का दुरुपयोग कर ट्रेनों में अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर यात्रियों से धन की मांग कर रहे थे। सभी के विरुद्ध रेलवे अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के अन्तर्गत विधिक कार्यवाही की गई।

जनवरी से अभी तक 303 व्यक्तियों को पकड़ा
जनवरी से अक्टूबर 2025 की अवधि में रेल सुरक्षा बल आगरा मण्डल द्वारा ऐसे कुल 303 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही की गई जो ट्रेनों में अनधिकृत प्रवेश कर यात्रियों को परेशान कर रहे थे। इसी अवधि में ‘रेल मदद’ पोर्टल पर यात्रियों द्वारा इस प्रकार की परेशानियों से संबंधित कुल 257 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन पर त्वरित कार्यवाही करते हुए आवश्यक दंडात्मक कदम उठाए गए। यात्रियों को भी आग्रह किया गया है कि ऐसी किसी घटना की सूचना तुरंत रेल सुरक्षा बल,हेल्पलाइन 139 या नजदीकी ड्यूटी पर मौजूद कर्मियों को दें।