आगरालीक्स …Agra News: आगरा में रिटायर शिक्षिका को टेरर फंडिंग के नाम पर कियाडिजिटल अरेस्ट, 10 दिन तक डराते रहे और 7.50 लाख रुपये जमा करा लिए।
आगरा के गुरु तेग बहादुर कॉलोनी सिकंदरा की रहने वाली 65 साल की मंजीत कौर रिटायर टीचर हैं। वे और उनके पति यहां रहते हैं, तीन बेटे हैं वे एनसीआर में रहते हैं। मंजीत कौर के पास नौ मार्च को व्हाटसएप पर कॉल आई, कॉल करने वाले ने कहा कि तुम्हारा नाम पुलवामा आतंकी हमले में आया है, तुम्हारे खाते में टेरर फंडिंग हुई है। मंजीत कौर ने कहा कि कोई गलतफहमी हुई है, इस पर पुलिस की वर्दी पहनकर कॉल करने वाले ने कहा कि पुलवामा हमले में कई जांच एजेंसियां जांच कर रही है, आपके खाते में करोड़ों रुपये ट्रांसफर हुए हैं, आपको डिजिटल अरेस्ट किया जाता है किसी को बताया तो अरेस्ट कर लिया जाएगा। ( Agra News: 65 year old Agra teacher placed under digital arrest, duped of Rs 7.50 Lakh)
7.50 लाख रुपये जमा कराए, कहा कि साइबर सेल से वापस मिल जाएंगे
साइबर ठगों ने 10 दिन तक मंजीत कौर और उनके पति को डराकर रखा, उनसे पैसे जमा करने के लिए कहा, फोन करने वाले ने कहा कि जितने भी पैसा जमा कराए जाएंगे वे आगरा में ही साइबर सेल से वापस मिल जाएंगे। मंजीत कौर अपने पति के साथ बैंक गईं, रिटायरमेंट के दौरान मिले पैसों को निकाला और कॉल करने वालों ने जो एकाउंट बताया था उसमें 7.50 लाख रुपये जमा कर दिए। 20 मार्च को अपने पैसे वापस लेने साइबर सेल पहुंची तब साइबर ठगी का पता चला।
1930 पर करें कॉल
एडीसीपी आदित्य सिंह ने बताया कि पुलिस किसी को भी डिजिटल अरेस्ट नहीं करती है। कोई कॉल कर डिजिटल अरेस्ट की बात कहता है तो 1930 पर कॉल करें। रिटायर शिक्षिका से जिन एकाउंट में पैसे जमा कराए गए वे सजदा खातून, नवाब सलीम, अजामुददीन के नाम पर हैं, इन खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।