आगरालीक्स…आगरा में एसएसपी के साथ उठने—बैठने के नाम पर 80 हजार रुपये ले लिए. अब दे रहा जान से मारने की धमकी. दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज..
आगरा के थाना फतेहाबाद में एसएसपी के साथ उठना बैठना बताकर 80 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है. दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. इनमें एक जिला पंचायत सदस्य भी है. इन दोनों ने पीड़ित के बेटे का नाम मुकदमे से निकलवाने के नाम पर रुपये ऐंठ लिए. पुलिस अब दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है.

ये है पूरा मामला
आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में रहने वाले रामबाबू ने एसएसपी सुधीर सिंह से शिकायत की कि उनके बेटे के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में मुकदमा थाना फतेहाबाद में दर्ज है. इस मामले में वादी पक्ष से कई बार पंचायत हुई लेकिन उन्होंने नाम वापस लेने से इंकार कर दिया. रामबाबू ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके पास दिलकेश और अजीत मिलने आए. दिलकेश ने बताया कि वह जिला पंचायत सदस्य है और उसका एसएसपी के साथ उठना बैठना है. वह उनके बेटै का नाम मुकदमे से निकलवा देंगे. इसके लिए उन्होंने एक लाख रुपये की मांग की. बाद में 80 हजार रुपये पर बात बन गई. आरोप है कि दिलकेश और अजीत ने पीड़ित से 80 हजार रुपये ले लिया लेकिन काम नहीं कराया. जब पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी. इस मामले में एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं. थाना फतेहाबाद में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और जान से मारने की धमकी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है.