आगरालीक्स…आगरा में 10 साल के बच्चे ने मगरमच्छ से बचाई पिता की जान. मगरमच्छ ने जकड़ लिया था पिता को, खींचकर ले जा रहा था…बेटे ने बोल दिया मगरमच्छ पर हमला और पिता को बचा लाया
आगरा में 10 साल के एक बच्चे ने मगरमच्छ के चंगुल में फंसे अपने पिता की जान बचाई है. चंबल नदी में पानी भरने गए किसान पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया और पैर से पकड़कर नदी में खींच ले जाने लगा लेकिन वहां मौजूद किसान के 10 साल के बेटे ने मगरमच्छ पर डंडे से हमला बोल दिया और 10—12 डंडे मार डाले. इससे मगरमच्छ किसान को छोड़ वापस नदी में चला गया और बच्चा अपने पिता को खींच लाया. किसान के पैर में गहरा घाव हो गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.यह मामला बासौनी के गांव झरनापुरा हरलालपुर के पास का है. गांव में 35 साल के वीरभान रहते हैं. इनकी पत्नी ओर 10 साल का बेटा अजय के साथ एक बेटी व छोटा बेटा सूरज भी है. किसान पानी भरने चंबल नदी में गया था. जैसे ही वह नदी के अंदर जाकर पानी भर रहा था तभी पानी के अंदर छुपे मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसका पैर दबोचकर नदी में खींच ले जाने लगा. वीरभान ने मदद के लिए शोर मचाया. नदी किनारे खड़े उसके बेटे और बेटी ने भी शोर मचाया.
पिता को मौत के चंगुल में फंसता देख अजय ने बहादुरी से काम लिया और पास में पड़ा बबूल का मोटा डंडा उठाया और नदी में कूद गया. उसने मगरमच्छ पर डंडों से बुरी तरह से हमला कर दिया. करीब 10—12 डंडे पड़ने के बाद मगरमच्छ ने वीरभान को छोड़ दिया और नदी में भा गया. तुरंत ही दोनों पिता—पुत्र नदी से बाहर आ गए.इधर सूचना पर अन्य ग्रामीण भी आ गए.मगरमच्छ के हमले में किसान के पैर में गहरा घाव हो गया. उसे पहले सीएचसी ले जाया गया जहां से उसे आगरा रेफर किया गया है.