आगरालीक्स…आगरा में 38 दिन की शादी का दर्दनाक अंत. फंदे पर लटकी मिली विवाहिता. एक पैर नीचे और एक कुर्सी पर…
आगरा में 4 फरवरी को धूमधाम से हुई शादी का दर्दनाक अंत हुआ है. संदिग्ध अवस्था में नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला. उसका एक पैर कुर्सी पर था तो दूसरा पैर नीचे. पति ने पत्नी के परिजनों को बेटी के आत्महत्या करने की सूचना देकर फोन काट दिया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मृतका के परिजनों ने ससुरालियों पर झगड़ा करने और हत्या की आशंका जताई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.4 फरवरी को हुई थी शादी
मलपुरा में बाइक मैकेनिक रमेशचंद्र शर्मा रहते हैं. इन्होंने अपनी 19 साल की बेटी मोनिका की शादी ताजगंज के सौ फुटा रोड स्थित खिन्नी का बाग में रहने वाले नरेंद्र के पुत्र नितिन ओझा के साथ की थी. आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन बेटी को प्रताड़ित करने लगे. छोटी—छोटी बातों पर ताना मारा करते थे. बेटी को मायके वालों से भी बात नहीं करने देते थे. रमेशचंद्र शर्मा ने बताया कि 10 दिन पहले ही बेटी विवाद के बाद मायके आई थी.
परिजनों ने बताया कि 5 दिन पहले ही नितिन घर आया था और बेटी से झगड़ा करके दबाव बनाकर उसे अपने साथ ले गया था. ससुराल में पहुंंचकर उसका मोबाइल ले लिया.शुक्रवार को 2 बजकर 45 मिनट पर बेटी के ससुर ने बेटी के मौसा को कॉल् किया और बताया कि काम खराब हो गया है. इसके बाद दामाद नितिन ने बेटी के आत्महत्या करने की सूचना देकर कॉल काट दिया. जब परिजन यहां पहुंचे तो पुलिस शव को कब्जे में ले चुकी थी. परिजनों ने आरोप लगाया कि बेटी की हत्या कर शव को फंदे पर लटका कर आत्महत्या दिखाने की साजिश की है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.