आगरालीक्स…आगरा से एसटीएफ ने सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा का पेपर लीक कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश. आगरा का युवक अरेस्ट. टेलीग्राम पर भेजे गए मैसेज से खुला मामला
उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का यूपी एसटीएफ ने पर्दाफाश किया है. एसटीएफ ने आगरा से एक युवक आयुष बघेल निवासी इंजीनियरिंग कॉलोनी, न्यू आगरा को अरेस्ट किया है. एसटीएफ ने टेलीग्राम पर भेजे गए मैसेज के जरिए आरोपी को अरेस्ट किया है. आरोपी टेलीग्राम के जरिए परीक्षार्थियों को पेपर लीक कराने का झांसा दे रहा था और उनसे पैसे ऐंठ रहा था. जांच में सामने आया है कि इंजीनियरिंग कॉलोनी न्यू आगरा का रहने वाला आयुष बघेल टेलीग्राम पर यूपीएसआईयपू पुलिस—2026 और रिजल्ट पैनल प्राइवेट टीएम जैसे चैनलों के माध्यम से अभ्यर्थियों को परीक्षा का पेपर उपलब्ध कराने का दावा करता था. इसी बहाने से वह परीक्षार्थियों को अपने जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूलने का प्रयास करता था. जांच में पता चला कि आरोपी पीडीएफ एडिटर का इस्तेमाल कर फर्जी पश्न पत्र तैयार करता था और अभ्यर्थियों का भरोसा जीतने के लिए वह उस कथित प्रश्न पत्र का पहला पेज टेलीग्राम चैनलों पर वायरल कर देता था जिससे परीक्षार्थियों को लगता था कि पेपर असली है. इसके बाद आयुष उनको अपने जाल में फंसाता था और पैसे ऐंठने की कोशिश करता था. आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.