फिरोजाबादलीक्स…फिरोजाबाद में तेज धमाके साथ फटी चार्जिंग पर लगी बैटरी. मकान में लगी आग. 8 लोग झुलसे
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया. शिकोहाबाद नगर में सोमवार दोपहर एक मकान में चार्जिंग पर लगी बैटरी तेज धमाके के साथ फट गई. इससे मकान में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को चपेट मं लेना शुरू कर दिया. आग बुझाने के प्रयास में 8 लोग झुलस गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इधर दमकल ने आग पर काबू पाया है. घटना एटा तिराहा स्थित मोहल्ला सराय की है. यहां मोहम्मद रशीद रहते हैं. सोमवार दोपहर करीब दो बजे मकान में बैटरी चार्जिंग पर लगी थी. तभी अचानक बैटरी तेज आवाज के साथ फटी और आग तेजी से फैल गई. आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग की चपेट में आकर 8 लोग झुलस गए. सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया तो वहीं फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.