आगरालीक्स…आगरा में 4 साल के मासूम ने निगल लिया 5 रुपये का सिक्का. पांच दिन से भोजन की नली में फंसा. एसएन मेडिकल कॉलेज में एंडोस्केपी तकनीक से सफलतापूर्वक निकाला गया सिक्का..
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग स्थित गैस्ट्रो यूनिट के डॉक्टरों ने एक बार फिर उत्कृष्ट चिकित्सकीय कार्य का परिचय दिया है. डॉक्टरों की टीम ने एक 4 वर्षीय मासूम की भोजन नली (Esophagus) में पिछले 5 दिनों से फंसे ₹5 के सिक्के को एंडोस्कोपी तकनीक के माध्यम से सफलता और सुरक्षापूर्वक बाहर निकाल लिया है. बच्चे ने लगभग 5 दिन पहले गलती से सिक्के को निगल लिया था, जिसके बाद से उसे कुछ भी खाने-पीने और निगलने में अत्यधिक दर्द व कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था. परिजनों द्वारा कॉलेज लाने पर जब जांच की गई, तो सिक्का भोजन नली के ऊपरी हिस्से में अटका हुआ पाया गया.
मेडिसिन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सूर्यकमल वर्मा के नेतृत्व में इस जटिल एंडोस्कोपिक प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया. इस सफल उपचार में डॉ. सुदेक्षा सिंह, रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. सौरभ तिवारी, नर्सिंग ऑफिसर पंकज शर्मा एवं एंडोस्कोपी और सपोर्टिंग स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही. प्रक्रिया के उपरांत बच्चे की हालत पूरी तरह स्थिर है और उसे चिकित्सकों की देखरेख में रखा गया है.
एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा, “हमारी गैस्ट्रो और एंडोस्कोपी यूनिट लगातार जटिल मामलों का समय पर और सटीक उपचार कर रही है. संस्थान मरीजों को विश्वस्तरीय एवं त्वरित आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है”
डॉ. सूर्यकमल वर्मा ने परिजनों को जागरूक करते हुए सलाह दी कि छोटे बच्चों के आसपास सिक्के, बटन, बैटरी या अन्य छोटी वस्तुएं न रखें. यदि बच्चा गलती से कोई वस्तु निगल लेता है, तो गले में दर्द, निगलने में परेशानी, अत्यधिक लार टपकना, उल्टी या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और तुरंत अस्पताल में संपर्क करें.