आगरालीक्स…आगरा में हाइवे पर एक्सीडेंट में छात्र की मौत. बाइक से दोस्तों के साथ जा रहा था एग्जाम देने. ट्रैक्टर ट्रॉली ने मारी टक्कर..
शुक्रवार सुबह छलेसर क्षेत्र में झरना नाला के पास हाइवे पर हुए सड़क हादसे में मिट्टी भरी ट्रैक्टर ट्राली से कुचल कर परीक्षा देने जा रहे छात्र की मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। हादसे के बाद पहुंची क्षेत्रीय पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया है। वहीं फरार चालक की दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर ट्राली को हिरासत में ले लिया है।कस्बा बरहन के मोहल्ला टंकी निवासी हरीशंकर का 22 वर्षीय पुत्र सौरभ आज सुबह लगभग साढे़ नौ बजे अपने दो साथियों रुद्र प्रताप और तरुण के साथ आगरा में परीक्षा देने के लिए बाइक से जा रहा था। इसी दौरान थाना एत्मादपुर क्षेत्र में झरना नाला के पास मिट्टी से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से परीक्षार्थियों की बाइक सड़क पर गिर पड़ी और छात्र सौरभ के ऊपर से ट्रैक्टर ट्राली का पहिया निकल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाइवे पर दौड़ते वाहन चालकों की भीड़ जमा हो गई।
ट्रैक्टर ट्राली को छोड़कर चालक भाग गया। इधर मृतक छात्र के घायल साथी तरुण ने मोबाइल फोन से हादसे की सूचना उसके परिजनों को दी तो घर पर कोहराम मच गया। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि छात्र को मौत का शिकार बनाने वाली ट्रैक्टर-ट्राली मिट्टी ले जा रही थी। हादसे के समय ट्रैक्टर का पहिया फट जाने पर चालक उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मृतक के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया गया है। ट्रैक्टर ट्राली छलेसर चौकी पुलिस ने हिरासत में ले ली है।