आगरालीक्स…आगरा में फेरों से पहले शादी में की गई पांच लाख की डिमांड. दुल्हन ने किया शादी से इंकार
आगरा में गुरुवार को एक शादी समारोह में फेरों से पहले दूल्हा पक्ष ने शादी में पांच लाख रुपये अतिरिक्त की डिमांड कर दी जिससे दुल्हन पक्ष के लोग भड़क गए. जब दूल्हा पक्ष अपनी मांग पर अड़ा रहा और नहीं माना तो दुल्हन ने भी शादी से इनकार कर दिया.आगरा हाथरस रोड पर टेढ़ी बगिया के पास एक मैरिज होम में गुरुवार रात को शादी समारोह चल रहा था. मैनपुरी के किशनी गांव से दुल्हन पक्ष के लोग यहां आए थे और उन्होंने धूमधाम के साथ बारात का स्वागत किया. दुल्हा पक्ष टेढ़ी बगिया का ही रहने वाला है. दूल्हा प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है जबकि उसका बड़ा भाई दरोगा बताया गया है. शादी समारोह में सबकुछ ठीक चल रहा था. लेकिन फेरों से पहले मामला बिगड़ गया.
लड़की पक्ष का आरोप है कि दूल्हे के भाई ने फेरे से पहले पांच लाख कैश की मांग रखी जिस पर मंडप में बैठे रिश्तेदार भड़क गए. दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई. दूल्हा पक्ष के न कहने पर दुल्हन पक्ष में गुस्सा आ गया. वहीं दुल्हन ने भी शादी करने से इंकार कर दिया. मामला बढ़ता देख दोनों ओर से लोग थाने पहुंच गए. देर शाम तक दोनों पक्षों में राजीनामे के प्रयास चलते रहे.