आगरालीक्स…(Video) आगरा में एयरफोर्स अधिकारी, अधिकारी की पत्नी और सीनियर अधिकारी बनकर करते थे लाखों की ठगी. ऐसे हुआ खुलासा…
आगरा में फर्जी नौकरी दिलवाने के नाम पर ठगी करने वाले गैंग का पर्दाफाश पुलिस ने किया है. थाना सदर पुलिस ने एक व्यक्ति को अरेस्ट किया जबकि उसके तीन साथी अभी फरार हैं जिनमें एक महिला भी है. पुलिस के अनुसार ये लोग एयरफोर्स में नौकरी दिलवाने के नाम पर लाखों की ठगी किया करते थे. इन्होंने 3.5 लाख रुपये की ठगी की थी जिसके बाद इनके एक साथी को अरेस्ट किया गया है.
ये है पूरा मामला
डीसीपी सिटी विकास कुमार के अनुसार सदर में पुलिस ने एक गैंग के एक सदस्य को अरेस्ट किया है जो कि एयरफोर्स में नौकरी दिलवाने के नाम पर लोगों के साथ ठगी करते थे. यकीन दिलाने के नाम पर एयरफोर्स के अधिकारी, अधिकारी की पत्नी और सीनियर अधिकारी बनने का नाटक करते थे और लोगों को विश्वास में ले लेते थे. ये लोग 50 प्रतिशत एडवांस लिया करते थे और 50 पतिशत ज्वाइनिंग के बाद लेने का वादा करते थे.
ऐसे ही एक मामले में इन्होंने 3.5 लाख रुपये एडवांस ले लिए थे जिसमें दो लाख रुपये आनलाइन और बाकी कैश लिया था. मनोज नाम का व्यक्ति एयरफोर्स का अधिकारी बनता था जबकि उसकी पत्नी सपना एयरफोर्स अधिकारी की पत्नी बनने का नाटक करती थी. इनका एक मित्र शक्ति सीनियर अधिकारी बनकर इस गैंग में शामिल था. पकड़ा गया शातिर का नाम जितेंद्र है जो कि मनोज का भाई है और यह जितेंद्र लेन—देन का काम करता था. पुलिस को इनके खिलाफ साक्ष्य मिले हैं. जिस खाते में रकम ट्रांसफर कराई गई थी, उन्हें सीज करा दिए गए हैं. मामले की जांच की जा रही है और गैंग में शामिल महिला सहित तीनों लोगों की धरपकड़ की जा रही है.