आगरालीक्स…आगरा में दिनदहाड़े महिला को गोलियों से भूना. दीवानी कोर्ट से लौटते समय रास्ता रोका और मार दी गोलियां…पुलिस मौके पर
आगरा में दिनदहाड़े मर्डर की सनसनीखेज घटना सामने आई है. कोर्ट से लौटते समय एक महिला को बदमाशों ने गोलियों से भून दिया है. घटना फतेहाबाद इलाके में हुई है. महिला की कोर्ट में आज तारीख लगी थी. वहां से वह लौट रही थी कि बदमाशों ने रास्ते में उसे रोक लिया और गोलियां मार दी. हत्या के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है. मामले की जांच की जा रही है.पति से चल रहा था विवाद
मृतक महिला का नाम 35 वर्षीय मंजू निवासी फतेहाबाद था. मंजू का अपने पति मनोज कुमार से कई वर्ष से विवाद चल रहा है. उसने पति के खिलाफ कोर्ट में वाद दायर किया था. शुक्रवार को वह कोर्ट में तारीख पर गई थी और दोपहर तीन बजे कोर्ट से वापस फतेहाबाद लौट रही थी.
तारीख करने के बाद मंजू फतेहाबाद आटो से पहुंची. आटो से उतरने के बाद वह पैदल अपने घर जा रही थी. रास्ते में बाइक सवारों ने उसका रास्ता रोक लिया और फिर गोलियों से भूनकर उसकी हत्या कर दी. फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग आ गए लेकिन तब तक बाइक सवार फरार हो गए. सूचना पर पुलिस भी आ गई. घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत फैल गई है. परिजनों ने मौके पर पहुंचकर हत्या का आरोप पति पर लगाया है. पुलिस जांच में जुटी है.