आगरालीक्स…आगरा में स्कूल बस ने युवक को मारी टक्कर, 100 मीटर तक घसीटा. मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम…
आगरा के थाना फतेहाबाद में एक स्कूल ने बस बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया. बस युवक को करीब 100 मीटर तक घसीटकर ले गई जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई. युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने फतेहाबाद रोड पर जाम लगा दिया. सूचना पर पुलिस पहुंच गई. करीब एक घंटे बाद पुलिस के समझाने पर लोगों ने जाम खोला. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

यहां की है घटना
25 वर्षीय युवक सुखराम पुत्र हाकिम सिंह निवासी मानकिपुरा थाना बसई अरेला मंगलवार सुबह अपनी मां को लेने ननिहाल नगला देवहंस डौकी के लिए बाइक से जा रहा था. सुबह करीब सात बजे जैसे ही वह आगरा फतेहाबाद रोड पर फायर स्टेशन के पास पहुंचा तभी पीछे से आ रही मांगलिक शिक्षा केंद्र बमरौली कटारा की बस ने उसे अपनी चपेट में लिया. बस ने टक्कर मारते हुए करीब 100 मीटर तक उसे बाइक सहित घसीटा जिससे बाइक सवार की मौत हो गई. इधर बस में बैठे स्कूली बच्चों में भी चीख पुकार मच गई. मौके पर पहुंचे लोगों ने बच्चों को बस में से बाहर निकाला और स्थिति को संभाला.
इधर घटना के बाद बस चालक बस को छोड़कर भाग गया. इस पर आक्रोशित जनता ने जाम लगा दिया. सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. लोगों को काफी समझाने के बाद भीड़ सड़क से हटी जिसके बाद वाहनों का आवागमन शुरू हो सका. मृतक ईंट भट्टा पर मजदूरी करता था. उसकी पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चे 5 साल का रितिक और 3 साल का हार्दिक है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.