आगरालीक्स…आगरा में पेपर लीक प्रकरण में छात्रों के खिलाफ भी हो सकती है कार्रवाई. 30 मोबाइल हुए थे जब्त…26 में से डिलीट किए गए पेपर..अब होगी इसकी जांच
आगरा के विवि की मुख्य परीक्षा में पेपर लीक प्रकरण में शासन द्वारा सख्ती बरतने के बाद से विवि प्रशासन द्वारा लगातार एक्शन लिया जा रहा है. पुलिस की जांच में अछनेरा के हरचरण लाल महाविद्यालय के प्रबंधक, प्रिंसिपल, शिक्षक और कोचिंग संचालक के जरिए पेपर आउट हुआ था. पुलिस ने कॉलेज प्रबंधक अनेक सिंह को अरेस्ट कर लिया है जबकि प्रबंधक अशोक, शिक्षक रविशंकर और कोचिंग संचालक अभी फरार हैं. पुलिस इनकी तलाश में आगरा के अलावा मथुरा में भी दबिश दे रही है.

बता दें कि 11 और 14 मई को विवि के पेपर लीक हुए थे. आगरा कॉलेज के बाहर स्टूडेंट्स के मोबाइल में पेपर मिला था. लोहामंडी पुलिस ने दो मुकदमे दर्ज किए थे. इस मामले में एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि पेपर लीक मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जो भी आरोपी होगा उसे अरेस्ट किया जाएगा. छात्र भी पेपर का इस्तेमाल कर रहे थे. उनके विषय में कॉलेज प्रशासन की ओर से निर्णय लिया जाएगा. शुक्रवार को पुलिस आगरा कॉलेज भी पहुंची. प्रभारी निरीक्षक के अनुसार 30 मोबाइल जब्त हुए हैं. इनमें से चार में ही लीक पेपर मिला था. यह व्हाट्सअप पर आया था. बाकी मोबाइल में लीक पेपर नहीं था. आशंका है कि पेपर को छात्रों ने डिलीट कर दिया. अब पुलिस मोबाइल से पेपर को रिकवर कराने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला की मदद लेगी. मोबाइलों को लैब भेजा जाएगा. वहीं इस मामले में जिस कोचिंग संचालक का नाम सामने आया है वह आगरा कॉलेज में शोधार्थी है. रसायल विज्ञान में शोध कार्य कर रहा है. उसके शिक्षकों के तार भी जुड़े हुए हैं.