आगरालीक्स…. आगरा में सूरसदन पर तीन साल में एडीए ने 2.39 करोड़ खर्च किए और कमाई 1.11 करोड़ हुई। इसलिए एडीए सूरसदन का संचालन पीपीपी मॉडल पर कराएगा। ( Agra News: ADA run Sur Sadan with More than Rs 0ne crore loss#Agra)
आगरा में नगर निगम के बगल और संजय प्लेस के सामने स्थित सूरसदन का संचालन एडीए 1977 से कर रहा है उस समय इसका नाम संस्कृति भवन था जिसे 1978 में सूरसदन कर दिया गया। साल 2020—21 में सूरसदन की मरम्मत पर 2 करोड़ रुपये खर्च किए गए, इंटीरियर के साथ कुर्सियां बदलीं गईं। अब सूरसदन में 926 लोगों के बैठने की क्षमता है, दो ग्रीन रूम हैं, एक वीआईपी रूम और दो बड़े हॉल हैं। सूरसदन में निजी और सरकारी कार्यक्रम होते हैं इसके लिए शुल्क है सरकारी कार्यक्रम के लिए भी 10 हजार रुपये शुल्क है लेकिन सरकारी कार्यक्रम निशुल्क किए जा रहे हैं। इससे सूरसदन की कमाई कम हो रही है और खर्चा बढ़ गया है।
एक करोड़ से ज्यादा का नुकसान
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सूरसदन की साल 2022 से 2025 के बीच निजी कार्यक्रमों के लिए शुल्क लेने से 1.11 करोड़ रुपये की कमाई हुई लेकिन इसी दौरान 2022 से 2025 तक एडीए ने सूरसदन के बिजली, सफाई, सुरक्षा के साथ ही मैंटेनेंस पर 2.39 करोड़ रुपये खर्च कर दिए इस तरह सूरसदन से एडीए को एक करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है।
पीपीपी मॉडल पर होगा संचालित
पिछले दिनों मंडलायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में सूरसदन को पीपीपी मॉडल पर संचालित करने का निर्णय लिया गया है, इसके लिए शर्तों के साथ टेंडर निकाला जाएगा इसके बाद सूरसदन को किसी एजेंसी को दिया जाएगा जो इसका संचालन कर सके।