आगरालीक्स…आगरा की नई टाउनशिप ‘अटलपुरम’ योजना ककुआ भांडई का एडीए उपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण. इस महीने होगी लांच, प्लॉटों की होगी बिक्री.
आगरा विकास प्राधिकरण की प्रस्तावित नवीन टाउनशिप ‘अटलपुरम’ योजना ग्राम-ककुआ भांडई, ग्वालियर रोड का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय सचिव, संयुक्त सचिव, मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता (सिविल/विद्युत), नगर नियोजक, सह प्रभारी भू-अर्जन संबंधित सहायक/अवर अभियंता, तहसील स्टाफ एवं कंसल्टेंट फर्म के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। योजना के ग्वालियर रोड की तरफ प्रस्तावित एन्ट्री पर मौजूद अनाधिकृत निर्माणों पर अपेक्षित कार्यवाही ना करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रवर्तन टीम को कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

भूमि को समतल बनाने के निर्देश
निरीक्षण में यह भी देखा गया कि भूमि पर प्राधिकरण का कब्जा होने के बाद भी खेतों की मेड को समतल नहीं किया गया है, अभियंत्रण टीम को निर्देश दिए कब्जे वाली समस्त भूमि से खेतों की मेड को जी.सी.बी. की सहायता से शीघ्र समतल करवाया जाए, साथ ही जहां-जहां प्राधिकरण के कब्जे वाली भूमि पर तार लगे हुये हैं, उनको भी हटवाया जाये। अन्त में योजना में प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर व स्पोर्ट्स क्लब की भूमि तथा एन.एच.ए.आई. द्वारा निर्मित दक्षिणी बाईपास की ओर प्रस्तावित प्रवेश द्वार की भूमि का भी निरीक्षण किया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजना हेतु वांछित एन.ओ.सी. इत्यादि के समस्त कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। जिससे योजना का जल्द से जल्द जन सामान्य के लिये खोली जा सके।
पहले चरण में 50 हेक्टेयर में प्लॉट की बिक्री
अटलपुरम योजना को जून माह में लांच किया जा सकता है. पहले चरण में 50 हेक्टेयर में प्लॉट की बिक्री की जाएगी, जिन लोगों की वार्षिक आय तीन से छह लाख के बीच होगी उनको प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण में प्लॉटों की बिक्री की जाएगी और सबसे बाद में प्राइम लोकेशन वाले प्लॉटों की बिक्री तीसरे चरण में होगी।