आगरालीक्स…आगरा कॉलेज में बी.ए. प्रथम वर्ष हेतु प्रवेश प्रक्रिया जारी, दो दिनों में 677 स्टूडेंट्स ने लिया एडमिशन.
आगरा कॉलेज, आगरा में बी.ए. प्रथम वर्ष (प्रथम सेमेस्टर) की प्रवेश प्रक्रिया दिनांक 4 एवं 5 जुलाई 2025 को सफलता पूर्वक सम्पन्न हुई। यह समस्त प्रक्रिया प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम के नेतृत्व एवं निर्देशन में संपन्न कराई गई। प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर मृणाल शर्मा ने जानकारी दी कि—4 जुलाई 2025 को कुल 148 छात्रों का प्रवेश हुआ,
वहीं 5 जुलाई 2025 को 529 छात्रों ने प्रवेश लिया,
इस प्रकार अभी तक कुल 677 छात्र-छात्राएं बी.ए. प्रथम वर्ष में प्रवेश प्राप्त कर चुके हैं।
प्रवेश समिति के सदस्यों ने सभी विद्यार्थियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन कर विधिवत रूप से प्रवेश प्रदान किया। यह उल्लेखनीय है कि प्रारंभिक दो दिनों में ही इतनी बड़ी संख्या में प्रवेश होना, कॉलेज की अकादमिक प्रतिष्ठा और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान परिसर में अत्यधिक भीड़ को सुव्यवस्थित बनाए रखने हेतु प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों को नियुक्त किया गया। उन्होंने अत्यंत कुशलता, सजगता एवं संयम के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखी, जिससे संपूर्ण प्रक्रिया शांति व अनुशासनपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सकी।
प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने जानकारी दी कि प्रवेश प्रक्रिया आगामी दिनों में भी जारी रहेगी, और महाविद्यालय का प्रयास रहेगा कि सभी प्रवेश इच्छुक विद्यार्थियों को शीघ्रता से अवसर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि आगरा कॉलेज, छात्रों की प्रथम पसंद बना हुआ है, जो संस्था की शिक्षा-गुणवत्ता और जनविश्वास का परिचायक है।