आगरालीक्स…नया साल शुरू होते ही सब्जियों ने दाम हुए ठंडे, 60 रूपये किलो वाला टमाटर अब 15 और 120 वाली मटर 50 रूपये किलो में बिक रही है, सर्दी में आधे से भी कम हुई सब्जियों की कीमत
आगरा में नया साल शुरू होते ही सब्जियों के भाव कम हो गए हैं। कल तक जो सब्जियां नखरे दिखा रही थीं जनवरी की सर्दी में उनकी कीमत अब आधे से भी कम रह गई है। दयालाबाग और बल्केश्वर की बड़ी रिटेल मंडिया में हमने भाव जाना तो यहां टमाटर अब 60 रूपये किलो से घटकर 20 और 15 रूपये किलो में और 120 रूपये किलो वाली मटर 50 रूपये किलो में बिकती दिखी। दुकानदारों की मानें तो सब्जियों की कीमत में अभी और कमी आएगी।
आगरा में जनवरी का महीना चल रहा है और सर्दी अपने चरम पर है। इस सर्दी का असर अब कहीं न कहीं सब्जी के दाम में भी देखा जा रहा है जिसके चलते आगरा में सब्जियों के दाम भी अब ठंडे हो गए हैं। जहां कुछ दिन पूर्व सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं तो वहीं अब यह दाम हर किसी के बजट में पहुंच गए हैं। लगभग सारी सब्जियों के दामों में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जो सब्जियां आज से 10 दिन पहले 100 किलो तक बिक रही थी अब वह सभी सब्जियां इसके आधे दाम से भी कम हो गई है। कुछ दिन पहले आलू 40 रूपये किलो था मगर अब नया आलू भी 20 रूपये किलो मिल रहा है।
एक महीने देरी से आई दामों में गिरावट
न्यू आगरा सब्जी मंडी में दुकान लगाने वाली सब्जी व्यापारी सुनील ने कहा कि बीते दिनों की बात की जाए तो लगभग सभी सब्जी 60 रुपए से ज्यादा प्रति भाव किलो में बिक रही थी लेकिन जैसे-जैसे सर्दी का सीजन चरम पर पहुंचा है तो वैसे ही मंडी में एक बार फिर सब्जियों की आवक हो गई है। हालांकि इस सीजन में सब्जियों की अच्छी आवक न होने से सब्जियां देर से सस्ती हो रही हैं। पहले नवंबर के महीने में ही इनके दाम गिर जाते थे जो इस बार जनवरी में कम हुए हैं। वहीं मटर, गाजर जैसी सब्जियां दिसंबर के महीने में भी नहीं दिख रही थीं। दिसंबर के महीने में नया आलू भी नजर नहीं आ रहा था। इसका कारण सितंबर में हुई बारिश को बताया जा रहा है। मगर अब बड़ी मंडी में सब्जी की भरमार होने के कारण फुटकर मंडियों में भी इसके दाम कम हो गए हैं।
जानें सब्जियों के दाम
ऐसे में अब ग्राहक की खुशी-खुशी सब्जी लेने के लिए आ रहे हैं और पूरे सप्ताह की सब्जी एक साथ खरीद रहे हैं और इसके साथ ही ठेले लगाने वाले रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड वाले लोगों को भी इसका फायदा हो रहा है। आलू, प्याज, मिर्ची, गोभी और टमाटर, धनिया के दाम पहले से आधे रह गए हैं। सब्जियों के भावों में यह गिरावट लगभग एक माह देरी से देखी गई हैं। सब्जियों के भाव कम होने की वजह सर्दी का मौसम और नई फसल की मंडियों में जबरदस्त आवक बताई जा रही हैं। सब्जियों के दामों में गिरावट आने के बाद कुछ दिनों पहले 40 रुपये किलो बिकने वाला आलू अब 20 रुपये किलो, प्याज 70 भी से 40, मिर्ची 80 से 30 किलो, धनिया 120 से 40 किलो इसी तरह अदरक भी 80 से 60 रुपए किलो, टमाटर 60 से 20, बैंगन 60 से 30 किलो, फूलगोभी 50 से 30 रुपए किलो इसी तरह सारी सब्जियों के दामों में गिरावट आ गई हैं।