आगरालीक्स….आगरा में युवक की मौत पर शव को चौकी के सामने रखा. आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम. ये है मामला.
थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में बुधवार को युवक की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने शव को पुलिस चौकी के सामने सड़क पर रख दिया और आक्रोश व्यक्त करने लगे. यही नहीं लोगों ने यहां जाम लगा दिया और देखते ही देखते जाम की लंबी लाइन लग गई. होली वाले दिन दो पक्षों में हुए विवाद के दौरान युवक मारपीट में बुरी तरह से घायल हो गया था. उसका इलाज एसएन अस्पताल में चल रहा था. बुधवार को युवक ने दम तोड़ दिया जिसके बाद लोगों ने बोदला चौकी के सामने सड़क पर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया. आक्रोशित लोग मुकदमे में धारा बढ़ाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे.
सूचना पर पुलिस फोर्स भी पहुंच गया. सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि मुकदमे में धारा 304 बढ़ा दी जाएगी. आरोपियों को भी जल्द अरेस्ट कर लिया जाएगा. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने शव को वहां से उठा लिया. मृतक युवक का नाम भूदेव था. उसका होली वाले दिन झगड़ा हुआ था जिसमें उसे चोट आई थी. उसे एसएन में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत काफी खराब बताई गई थी.