आगरालीक्स…आगरा में आज देर रात तक खुलेंगे बाजार. कल ईद तो आज चांद रात. दोपहर से ही बाजारों में भीड़…
ईद का पर्व कल पूरे देश में मनाया जाएगा. ऐसे में आज खरीददारी के लिए बाजारों में जबर्दस्त भीड़ रही. सुबह से शाम तक बाजार गुलजार रहे. आज चांद रात है, ऐसे में आज देर रात तक सभी बाजार खुलेंगे. खासकर पुराने बाजार, सिंधी बाजार, किनारी बाजार, सुभाष बाजार में देर रात तक ग्राहकों की खरीददारी जारी रहेगी. आज दोपहर से ही बाजारों में भीड़ है. रावतपाड़ा, सुभाष बाजार, बिजलीघर जैसे बाजारों में तो जाम की स्थिति बनी हुई है. पुलिस ने बैरियर लगाकर बड़े वाहनों का इन बाजारों में प्रवेश वर्जित कर रखा है. इसके बाद भी बाजार में बहुत अधिक भीड़ है.
जोर-शोर से चल रहीं ईद की तैयारियां
तीस दिन के रोजे के बाद अब एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देने का वक्त आ गया है. घरों से लेकर बाजार तक सभी जगह जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं. बाजार आज भी खरीददारी करने वालों से गुलजार है तो वहीं घरों में भी साफ-सफाई और साज-सजावट और पकवानों के बनने का सिलसिला जारी है. इंतजार है तो बस ईद के चांद के दीदार का. हमेशा की तरह इस बार भी लोगों की कोशिश है कि मेल-मिलाप के इस पर्व पर हर दिल में सिंवई की मिठास घुले और सभी मिल-जुलकर ईद मनाएं.
शरारा-गरारा और पठानी कुर्ते की मांग
खुद को लेकर हर बार की तरह इस बार भी लोगों में गजब का उत्साह नजर आ रहा है. ईद से जुड़ी तैयारियों को लेकर लोग खाने-पीने से लेकर कपड़े और साज-सजावट की मांग बाजार बढ़ गई है. बाजिव दामों में सामान की खरीददारी को दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ जुट रही है. लेडिज कपड़ों में शरारा और गरारा की मांग है. यह बाजार में ढाई हजार से लेकर छह हजार रुपये तक में उपलब्ध है. सिंगल गाउन का भी अच्छा कलेक्शन बाजार में है.