आगरालीक्स…आगरा को मिल सकता है इंटरनेशनल स्टेडियम. उम्मीद जगीं. इनर रिंग रोड के पास प्रस्तावित ग्रेटर आगरा में 10 नई टाउनशिप इन नदियों के नाम पर बनेंगी. जानिए क्या होने वाला है खास
आगरा के रहनकलां और रायपुर में आगरा विकास प्राधिकर की ग्रेटर आगरा आवासीय योजना प्रस्तावित है. हाल ही में मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई एडीए की बोर्ड बैठक में ग्रेटर आगरा के डीपीआर को मंजूरी मिल गई है. इनर रिंग रोड के सहारे प्रस्तावित ग्रेटर आगरा में 10 टाउनशिप विकसित होंगी जिनमें 4353 भूखंड के साथ ग्रुप हाउसिंग अपार्टमेंट भी होंगे. इसे एडीए की सबसे बड़ी योजना भी माना जा रहा है.
इंटरनेशन स्टेडियम का सपना हो सकता है साकार
लंबे समय से आगरा में इंटरनेशनल स्टेडियम की मांग की जाती रही है. लेकिन अब इस सपने को भी सच होने की उम्मीद फिर से जगी है. ग्रेटर आगरा आवासीय योजना में 50 एकड़ में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम भी बनाया जा सकता है. एडीए ने तय किया है कि अगर खेल विभाग मांगता है तो उसे स्टेडियम के लिए जमीन उपलब्ध कराई जाएगी.
10 नदियों के नाम पर होगी टाउनशिप
आगरा के इनर रिंग रोड पर प्रस्तावित 10 टाउनशिप का नाम नदियों के नाम पर रखा जाएगा. इसमें गंगा, यमुना, कावेरी, गोमती, सिंधु, बेतवा, नर्मदा, गोदावरी, महानदी और कृष्णा नदियों के नाम प्रस्तावित हैं. इसमें सबसे बड़ी टाउनशिप गोमतीपुरम होगी जबकि सबसे छोटी टाउनशिप सिंधुपुरम होगी.
किस टाउनशिप का कितना होगा क्षेत्रफल (हेक्टेयर में)
गोमतीपुरम 49.45
गंगापुरम 48.86
कावेरीपुरम 47.78
नर्मदापुरम 45.15
यमुनापुरम 43.77
कृष्णापुरम 42.86
गोदावरीपुरम 42.28
महानदीपुरम 31.09
बेतवापुरम 28.41
सिंधुपुरम 26.89