आगरालीक्स…आगरा मेट्रो स्टेशन पर महिला का कीमती बैग छूटा. खोया-पाया सेल ने महिला यात्री को लौटाया कीमती बैग
आगरा मेट्रो की स्मार्ट सुरक्षा प्रणाली और स्टेशन परिसर तथा ट्रेनों में लगे अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों की बदौलत यात्रियों का खोया सामान तुरंत उनके असली मालिकों को लौटाया जा रहा है। इसका ताजा उदाहरण है कि जब मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो कर्मचारियों ने एक यात्री को उनका बैग सुरक्षित लौटाया। एक महिला मेट्रो यात्री ने गलती से अपना कीमती सामान से भरा बैग मनकामेश्वर मेट्रो स्टेशन पर छोड़ दिया था।
जब सुरक्षाकर्मियों ने देखा कि बैग काफी देर तक लावारिस पड़ा रहा, तो उन्होंने तुरंत उसे स्टेशन कंट्रोल रूम में सुरक्षित रख दिया। यात्री ने स्टेशन पर संपर्क कर बैग खोने की सूचना दी और सत्यापन के बाद बैग सुरक्षित रूप से उसे लौटा दिया गया। गौरतलब है कि यात्री सेवाओं के शुभारंभ के बाद से आगरा के खोया-पाया सेल ने कई कीमती सामान और नकदी को उनके असली मालिकों तक सफलतापूर्वक पहुंचाया है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा, “यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उनकी अपेक्षाओं को पूरा करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आगरा मेट्रो परिसर का हर कोना सीसीटीवी की निगरानी में है। प्रत्येक स्टेशन पर 50-60 सीसीटीवी कैमरे और ट्रेनों में 24 कैमरों के साथ हम कड़ी निगरानी रखते हैं। हम अपने यात्रियों को विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रयास जारी रखेंगे।”