आगरालीक्स…आगरा में बहन को जान से मारने की नीयत में गोली मारने वाला भाई पुलिस ने दबोचा. छोटी बहन की लव मैरिज और सहेली के घर में होने से था नाराज
आगरा की थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने जान से मारने की नियत से अपनी बहन पर फायर करने वाले आरोपी भाई को पकड़ लिया है. पुलिस ने इसके पास से एक तमंचा, दो जिंदा व एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है. आरोपी भाई अपनी छोटी बहन की लव मैरिज और बड़ी बहन द्वारा अपनी सहेली को घर में रखने से नाराज था. पिता ने आरोपी सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था. पुलिस ने छह घंटे में फरार भाई को पकड़ लिया.
पकड़े गए आरोपी का नाम
राहुल उर्फ चौबा पुत्र कृपाल सिंह निवासी 100 फुटा रोड, टेडी बगिया, थाना ट्रांस यमुना आगरा
ये है पूरा मामला
घटना टेढ़ी बगिया के 100 फीट रोड स्थित विकास नगर सब्जी मंडी की है. पुलिस के अनुसार थाना ट्रांस यमुना क्षेत्रांतर्गत रात्रि करीब 11:30 बजे बेबी नामक युवती को उसके भाई द्वारा गोली मारकर घायल किए जाने की सूचना प्राप्त हुई. प्रारंभिक जांच में प्रकाश में आया कि बेबी की छोटी बहन तनु ने प्रेम विवाह किया था. बेबी द्वारा अपनी छोटी बहन व उसके पति को घर बुलाने से उसका भाई राहुल नाराज था. इसके अलावा बहन बेबी अपने साथ अपनी एक सहेली इरम को भी यहां रखती थी इससे भी भाई राहुल गुस्से में था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके पश्चात राहुल द्वारा बेबी को गोली मार दी गई. घायल युवती को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसकी स्थिति सामान्य है.