आगरालीक्स…आगरा पुलिस ने पकड़ा फर्जी आईपीएस. दंग रह जाएंगे इसकी साजिश जानकर. धोखे से शादी की, लाखों का दहेज लिया, पत्नी को छोड़ गर्लफ्रेंड के साथ हाईप्रोफाइल जिंदगी जी रहा था…पढ़ें चौंकाने वाली खबर
आगरा की थाना मंटोला पुलिस ने एक फर्जी आईपीएस को गाजियाबाद से पकड़ा है. यह फर्जी आईपीएस गाजियाबाद की हाईप्रोफाइल सोसाइटी में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रहा रहा था. पुलिस जब यहां पहुंची तो गर्लफ्रेंड ने इसे बाथरूम में छुपा दिया और पुलिस से उसके यहां न होने की बात कही लेकिन महिला पुलिस की सर्चिंग में वह यहां से पकड़ा गया. यह फर्जी आईपीएस है, इसकी जानकारी सोसाइटी वालों को भी नहीं थी, क्योंकि वह यहां पर हाईप्रोफाइल लाइफस्टाइल जी रहा था, उसका रहनसहन ऐसा था कि लोग इसे आईपीएस ही समझ रहे थे, लेकिन इसके फर्जी होने का पता लगते ही सोसाइटी वाले भी दंग रह गए. वैसे इस फर्जी आईपीएस की कहानी काफी दंग करने वाली है. इसने आगरा के थाना एत्माद्दौला की रहने वाली एक युवती से शादी की, दहेज में लाखों रुपये कैश, सोना और लग्जरी कार तक ली लेकिन एक साल में ही पत्नी को घर से बाहर निकाल दिया.

पढ़ें पूरा मामला
एत्माद्दौला के कालिंदी विहार में श्रीनिवास रहते हैं. श्रीनिवास ने अपनी बेटी खुशबू की शादी 15 मार्च 2021 को रिफाइनरी के रहने वाले संजय पुत्र रनवीर सिंह से की थी. नरसीपुरम रिफाइनरी मथुरा में रहने वाला संजय ने खुद को प्रशिक्षु आईपीएस बताया. शादी के लिए इसने आईपीएस का फर्जी पहचान पत्र भी उन्हें दिखाया. दहेज में संजय और उसके परिजनों ने श्रीनिवास से 40 लाख रुपये कैश, लग्जरी कार और करीब 350 ग्राम सोना मांगा था. श्रीनिवास के परिजनों ने संजय के पुलिस अधिकारियों के साथ फोटो देखकर और पहचान पत्र देखने के बाद अपनी बेटी के साथ इसकी शादी कर दी.
आरोप है कि खुशबू के ससुराल पहुंचने पर संजय ने नोएडा में एक फ्लैट की मांग रखी. इस दौरान उसने अपनी पत्नी का गर्भपात भी करा दिया. विरोध करने पर खुशबू के साथ मारपीट की जाने लगी. पति और ससुरालवालों ने बाद में मारपीट कर उसे घ्ज्ञर से निकाल दिया. इस बीच श्रीनिवास को पता चला कि संजय नोएडा में अपनी किसी गर्लफ्रेंड के साथ रह रहा है जिस पर श्रीनिवास और खुशबू वहां पहुंचे. लेकिन संजय ने अपना पता नहीं दिया और खुद ही इनसे मिलने पहुंच गया. जब इसके घर का पता मांगा तो संजय ने जान से मारने की धमकी दी. इस पर श्रीनिवास मथुरा में अपनी बेटी के ससुराल शिकायत लेकर पहुंचे लेकिन आरोप है कि संजय के पिता रनवीर और सास शिवकुमारी ने धमकी दी और राइफल से फायर भी कर दिया.
श्रीनिवास ने इस मामले में 30 जुलाई 2022 को एत्माद्दौला थाने में आरोपी संजय, रनवीर और शिवकुमारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया. इसकी जांच थाना मंटोला पुलिस कर रही थी. पुलिस ने बीते रोज मंगलवार को नोएडा के आदित्यसिटी में दबिश दी. पुलिस को देख आरोपी संजय बाथरूम में छुप गया. इसकी गर्लफ्रेंड ने संजय के वहां होने से मना कर दिया लेकिन महिला पुलिस ने तलाशी की तो आरोपी पकड़ा गया. संजय को अरेस्ट कर लिया गया.