आगरालीक्स…आगरा विजिलेंस टीम ने एक और अधिकारी को घूस लेते रंगेहाथ पकड़ा. आगरा की रजिस्टर्ड फर्म से मांगी थी इतने रुपये की रिश्वत…इस नंबर पर आप भी कर सकते हैं शिकायत
आगरा विजिलेंस टीम ने एक और अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों अरेस्ट किया है. इस बार फिरोजााबद के विकास खंड हथवंत में तैनात सहायक विकास अधिकारी रक्षपाल सिंह को 60 हजार रुपये की घूस लेते हुए रंगेहाथ अरेस्ट किया गया है. आरोपी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
आगरा की रजिस्टर्ड फर्म से मांगी थी 60 हजार रुपये रिश्वत
शिकायतकर्ता रोहित कुमार पुत्र लालता प्रसाद निवासी इंद्रपुरी शमसाबाद रोड थाना ताजगंज की आरके कंस्ट्रक्शन नाम से एक रजिस्टर्ड फर्म है. फर्म से विकास खंड हाथबंत जनपद फिरोजाबाद की पंचायतों में सरकारी कार्यों में प्रयोग होने वाली निर्माण सामग्री जैसे बालू, ईंट आदि मैटेरियल की सप्लाई की जाती है. रोहित कुमार से लंबित एस्टीमेट पर वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने के एवज में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) रक्षपाल सिंह द्वारा 60 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई.
रोहित ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान से लिखित में की. जांच में आरोप सही पाए गए. इसके बाद आज शिकायत कर्ता राति को 60 हजार रुपये देकर सहायक विकास अधिकारी रक्षपाल सिंह के पास उनके कार्यालय में भेजा गया. रोहित कुमार से सहायक विकास अधिकारी(पंचायत) रक्षपाल सिंह को उनके कार्यालय के बाहर खड़ी उन्हीं की गाड़ी से विजिलेंस टीम द्वारा 60 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया.
आरोपी अधिकारी रक्षपाल सिंह के खिलाफ थाना उप्र सतर्कता अधिष्ठान, आगरा सेक्टर, आगरा में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराकर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है. सतर्कता अधिष्ठान द्वारा भ्रष्टाचार के विरूद्ध निरन्तर कार्यवाही कराई जाती है. यदि किसी लोकसेवक (राजपत्रित/अराजपत्रित / अन्य) द्वारा सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग की जा रही हो तो रिश्वत विरोधी हेल्पलाइन नं० -9454401866 पर शिकायत की जा सकती है.