आगरालीक्स…आगरा की महिला डॉक्टर लापता. कार से क्लीनिक जाने के लिए निकलीं थीं, 24 घंटे से मोबाइल स्विच आफ…
आगरा की एक महिला डॉक्टर लापता हो गई हैं. परिजनों ने थाना शाहगंज में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है. परिजनों के अनुसार डॉक्टर अपनी कार से क्लीनिक जाने के लिए निकलीं थी लेकिन लौटी रहीं. रात को किसी अनजान नंबर से उन्होंने दो घंटे में घर आने के लिए कॉल किया लेकिन रातभर नहीं आईं. पुलिस को महिला डॉक्टर की लोकेशन प्रयागराज में मिली हैं. पुलिस वहां के लिए रवाना हो गई है.
ये है पूरा मामला
आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र में सीओडी कॉलोनी हैं. यहां स्त्री रोग विशेषज्ञ 30 वर्षीय डॉक्टर कनिका रहती हैं. परिजनों ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि डॉ. कनिका शुक्रवार शाम करीब सात बजे अपनी कार से क्लीनिक जाने के लिए निकलीं थीं. रात करीब साढ़े नौ बजे किसी अनजान नंबर से उन्होंने कॉल किया और कहा कि घर आने में उन्हें कुछ देर हो जाएगी. उनके फोन की बैटरी खत्म हो गई है, लेकिन काफी घंटे बीतने के बाद भी वह वापस नहीं लौटीं. इस पर परिजनों ने उनकी तलाश की और अन्य परिचितों से उनके बारे में पूछा लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिली. डॉ. कनिका का मोबाइल भी स्विच आफ है.

परिजनों ने थाना शाहगंज में इसकी सूचना दी. पुलिस ने चिकित्सक के गायब होने की सूचना को गंभीरता से लिया और एसओजी को भी तलाश में लगाया. पुलिस ने उस नंबर पर फोन मिलाया जिस नंबर से परिजनों के पास फोन आया तो वह मथुरा के एक युवक का निकला.
युवक ने बताया कि अस्पताल के बाहर एक युवती मिली थीं. उसने अपने मोबाइल की बैटरी खत्म होने की बात कही और परिजनों को फोन करने के लिए उसका फोन मांगा था. इस पर उसने अपना मोबाइल उन्हें दे दिया. इससे अधिक उन्हें कोई जानकारी नहीं है.
पुलिस ने इसके बाद डॉ. कनिका के बारे में और छानबीन की तो रात साढ़े 9 बजे वह मथुरा में थीं. उनका मोबाइल 24 घंटे बीत जाने के बाद भी स्विच आफ है. पलिस ने फास्टैग् के जरिए कार की लोकेशन को पता किया तो कार कानपुर तक गई थी और फिर वहां से प्रयागराज हाइवे को गई. एसओजी और परिजन भी प्रयागराज के लिए रवाना हो गए हैं.
डॉ. कनिका ने एमबीबीएस के बाद एमएस की पढ़ाई प्रयागराज से की है. वह छह छोटे भाई बहन हैं. पिता रामजीलाल चमड़े के कारोबारी हैं. दो भाई व तीन बहनें डॉक्टर हैं.