आगरालीक्स…Agra News : (वीडियो न्यूज) अद्भुत भक्ति! हवन, आरती, भजन और भंडारा, टीलेश्वर नाथ मंदिर में दिन – रात गूंजती रहीं रामायण की चौपाइयां
आगरा में गणेश चतुर्थी के दिन आस्था उफान पर थी। एक ओर जहां शहर भर के घरों और सार्वजनिक पंडालों में विघ्नहर्ता विराज रहे थे तो वहीं विभिन्न मंदिरों में भक्तिमय वातावरण था। गणेश चतुर्थी के इस शुभ दिन बल्केश्वर में टीलेश्वर नाथ मंदिर परिसर रामायण की चौपाइयों से गुंजायमान हो रहा था। आगरा के सहृदय फाउंडेशन ने यहां 24 घंटों का अखंड रामायण पाठ आयोजित किया।
बता दें कि अखंड रामायण पाठ का मतलब है, रामचरितमानस का सस्वर पाठ जो लगभग 24 घंटों तक अनवरत रूप से किया जाता है. इसमें लगातार पाठ किया जाता है, इसलिए इसे अखंड पाठ कहा जाता है। अखंड रामायण पाठ करने से भगवान राम, भगवान शिव, और हनुमान जी की कृपा प्राप्त होती है।
सहृदय फाउंडेशन के संस्थापक विष्णु प्रदीप शर्मा ने बताया कि सहृदय फाउंडेशन सनातन संस्कृति आधारित सभी मानवीय सद्गुणों को एक सूत्र में पिरोकर समाज में पुनः सकारात्मकता का उच्चतम स्तर प्राप्त करने का प्रयास है।
चित्रकूट धाम परिवार का भी इस आयोजन में सहयोग रहा। चित्रकूट धाम परिवार के मनीष शर्मा और पवन अग्रवाल ने बताया कि हिंदू धार्मिक मान्यताओं अनुसार अखंड रामायण करने और कराने से अमोघ फल की प्राप्ति होती है। लेकिन इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि ये पाठ बिना खंडित हुए पूरा होना चाहिए।
आयोजन समिति के शिवेंद्र ने बताया कि सहृदय फाउंडेशन और चित्रकूट धाम परिवार प्रभु श्री राम के भक्तों के समूह हैं जो समय समय पर सुंदर काण्ड, अखंड रामायण, दीपोत्सव जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से धार्मिक जागृति और चेतना लाने का प्रयास करते हैं।