आगरालीक्स…आगरा से मिला अखिलेश यादव को झटका. पूर्व विधायक हुए भाजपा में शामिल. राजबब्बर के दो नजदीकियों ने भी ज्वाइन की भाजपा
लोकसभा चुनाव से पहले आगरा से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को करारा झटका लगा है. पूर्व विधायक और सपा के जिलाध्यक्ष रह चुके मधुसूदन शर्मा ने भाजपा का दामन थम लिया है. लखनऊ में पार्टी कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने इन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई. सपा ही नहीं बल्कि कांग्रेस को भी झटका लगा है. पूर्व सांसद राजबब्बर के नजदीकी कहे जाने वाले कांग्रेस नेता राजू लवानिया और राजीव जैन ने भी भाजपा ज्वाइन कर ली है. राजू लवानिया कांग्रेस के प्रदेश सचिव रह चुके हैं. इन्हें भाजपा जिला अध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह, सांसद राजकुमार चाहर ने जयपुर हाउस स्थित ब्रजक्षेत्र कार्यालय पर पार्टी की सदस्यता दिलाई.
8 पार्षदों ने भी थामा भाजपा का दामन
वहीं आगरा में निर्दलीय पार्षद भरत शर्मा, रिषभ गुप्ता, कंचन बंसल, लाल सिंह कुशवाहा, विमलेश कुमारी, हर्षित शर्मा, बसपा से पार्षद विमलेश प्रजापति, दीपक वर्मा ने भी भाजपा का दामन थामा है. इसे अलावा बसपा के पूर्व मंडल कोआॅर्डिनेटर भगवानदास प्रजापति सहित कई सारे विपक्षी दलों के कार्याकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है.