आगरालीक्स…आगरा के थाने में एसएसआई ने डायरी में छुपाकर ली घूस. सीसीटीवी वीडियो वायरल होने के आरोपी एसएसआई सस्पेंड…
आगरा के अछनेरा थाने का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में एसएसआई जितेंद्र यादव थाने के अंदर बैठे हुए हैं. उनके सामने तीन व्यक्ति बैठे हुए हैं। एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति को टेबल के नीचे से कुछ देता है। यह व्यक्ति धीरे से दरोगा की डायरी में रखकर उसे दे देता है। दरोगा डायरी में से दी हुई चीज निकालकर धीरे से अपनी जेब में रख लेता है। वीडियो वायरल होने के बाद डीसीपी वेस्ट आदित्य ने संबंधित एसएसआई जितेंद्र यादव को सस्पेंड कर दिया है और इस पूरे मामले की जांच कराई जा रही है.थाने में लगे सीसीटीवी में कैद
घूस लेते हुए यह वीडियो थाना अछनेरा में लगे सीसीटीवी फुटेज का है जो कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. घूस देने वाले व्यक्तियों की भी पहचान कराई जा रही है. इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि एसएसआई ने किस मामले में घूस ली है. पूरे प्रकरण की जांच के आदेश दिए गए हैं.
रोहता सदर निवासी पूर्व फौजी नागेंद्र सिंह के खिलाफ जुलाई 2025 में इरादत नगर थाने में धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था. मुकदमे में जय प्रकाश शर्मा, गजेंद्र पाल, वातेंद्र, नागेंद्र और सत्यवीर नामजद हैं. नागेंद्र पूर्व फौजी हैं और कारगिल युदृध के आपरेशन विजय में भी शामिल रहे थे. इस मामले की विवेचना दरोगा मानवेंद्र गंगवार को सौंपी गई. आरोप है कि दरोगा मानवेंद्र गंगवार ने एक नाम निकलवाने के लिए पांच लाख रुपये मांगे. चार नाम निकलवाने के लिए 20 लाख रुपये मांगे गए, इसका पूर्व फौजी ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया. पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के अनुसार, इस मामले की शिकायत भ्रष्टाचार निवारण हेल्प लाइन नंबर पर मिली थी. शिकायत से सम्बन्धित ऑडियो वायरल होने पर पुलिस कमिश्नर आगरा द्वारा तत्काल इसका संज्ञान लिया गया तथा शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उससे बातचीत की गयी. प्रारम्भिक जाँच में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने पर थाना इरादतनगर पर नियुक्त उप निरीक्षक मानवेन्द्र गंगवार को निलंबित कर दिया गया प्रकरण की विस्तृत जांच अपर पुलिस आयुक्त, आगरा को दी गयी है.