आगरालीक्स… आगरा के एंग्लो बंगाली गल्र्स इंटर कॉलेज के पूर्व प्रबंधक और पत्नी को भेजा जेल, जानें क्या है पूरा मामला।

आगरा के रकाबगंज में एंग्लो बंगाली गल्र्स इंटर कॉलेज है। नरीपुरा शाहगंज निवासी अनुराधा यादव ने मई 2022 में मुकदमा दर्ज कराया था, इसमें उन्होंने आरोप लगाए कि शहीद नगर निवासी अनिल चक्रवती के माध्यम से एंग्लो बंगाली गल्र्स इंटर कॉलेज के पूर्व प्रबंधक विश्वजीत घोष से मुलाकात हुई। उन्होंने कॉलेज में दो शिक्षिका और एक कर्मचारी का पद रिक्त है। उन्होंने शिक्षिका और कर्मचारी के पद पर नियुक्ति के लिए 2017 में अनुराधा यादव से 20 लाख रुपये, दीपमाला से 15 लाख रुपये और गौरव से 2.55 लाख रुपये की मांग की। तीनों ने पैसे दे दिए, कॉलेज की तरफ से रिक्त पदों के लिए विज्ञापन निकाला गया।
नौकरी न लगने पर दिए चेक हो गए बाउंस
तीनों की नौकरी नहीं लगी, इस पर विश्वजीत घोष ने रुपये वापस करने की बात कहते हुए चेक दे दिए। चेक बाउंस हो गए, 2021 में विश्वजीत घोष ने कहा कि वह कॉलेज का प्रबंधक बन गया है और नौकरी लगवा देगा लेकिन नौकरी नहीं लगी। इस मामले में थाना रकाबगंज में पूर्व प्रबंधक विश्वजीत घोष उनकी पत्नी अलका घोष सहित सात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया था।
पूर्व प्रबंधक और पत्नी को भेजा जेल
इस मामले में पूर्व प्रबंधक विश्वजीत घोष उनकी पत्नी अलका घोष को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। प्रदीप कुमार प्रभारी निरीक्षक थाना रकाबगंज का कहना है कि दोनों को अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया गया, वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।