आगरालीक्स…आगरा में महिला टीचर की दबंगई. पूर्व सैनिक गार्ड को मारे डंडे, गालियां दी. गार्ड ने कहा-महिला हो इसलिए हाथ नहीं उठा सकता…मुकदमा दर्ज
आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसमें एक महिला पूर्व सैनिक गार्ड को डंडे से न सिर्फ पीट रही है बल्कि गालियों के अलावा अपशब्द भी बोल रही है. गार्ड भी महिला को अपशब्द में जवाब देता है और कहता है कि महिला हो इसलिए हाथ नहीं उठा सकता. मामला कॉलोनी में कुत्तों को लेकर है. महिला टीचर गार्ड द्वारा कुत्तों को भगाने से नाराज थी. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

ये है मामला
मामला न्यू आगरा क्षेत्र के बी ब्लॉक एलआईसी आवासीय परिसर का है. इसमें पूर्व सैनिक गार्ड अखिलेश सिंह भदौरिया काम करते हैं. बताया जाता है कि शनिवार शाम करीब सवा पांच बजे कुछ महिलाएं यहां पहुंची और उनहोंने गार्ड पर कुत्तों से मारने-पीटने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. इसमें एक महिला टीचर ने रौब झाड़ते हुए पहले तो गार्ड को गालियां दी और फिर डंडे से पिटाई कर दी. गार्ड का कहना था कि परिसर की सुरक्षा करना उसकी जिम्मेदारी है. आवारा कुत्ते परिसर को गंदा न करें इसलिए वह उन्हें वहां से भगा देता है. महिला टीचर गार्ड पर आरोप लगा रही थी वह कुत्तों को मारता है. आपा खो बैठी महिला टीचर के साथ उस समय एक भाजना नेत्री भी साथ थी. वीडियो में दिख रहा है कि महिला टीचर किसी से फोन पर बात करेत हुए गार्ड के खिलाफ कार्रवाई कराने के लिए कह रही है. वहीं गार्ड सफाई देता नजर आ रहा है. साथ ही महिला की गालियों का जवाब अपशब्दों के साथ दे रहा है. अभद्रता और मारपीट का गार्ड ने वीडियो बना लिया जबकि महिला टीचर ने भी गार्ड का वीडियो बनाया है.
इस मामले में गार्ड ने पुलिस में शिकायत कर दी तो वहीं आवासीय परिसर के प्रतिनिधिमंडल ने भी शिक्षिका की शिकायत थाने में की है. इस मामले में एसपी सिटी ने बताया िक महिलाके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है.