आगरालीक्स…आगरा के आर्मी स्कूल की शिक्षिका का शव फंदे पर लटका मिला. ढाई साल पहले हुई थी शादी. पति भी है टीचर
आगरा के आर्मी स्कूल में ड्यूटीरत शिक्षिका का शव उसकी ससुराल में कमरे के अंदर फंदे पर लटका मिला. शिक्षका की ससुराल शिकोहाबाद के यदुवंशनगर में है. उसकी ढाई साल पहले ही शादी हुई थी. मृतका का पति भी टीचर है जो कि मैनपुरी में तैनात है. मामले के पीछे पति—पत्नी के बीच आए दिन होने वाला झगड़ा बताया जा रहा है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. जांच की जा रही है.

ये है पूरा मामला
आगरा के टीला माईथान में रहने वाली और आर्मी स्कूल में शिक्षिका के पद पर तैनात रक्षा यादव की शादी ढाई साल पहले शिकोहाबाद के यदुवंशनगर में रहने वाले भूपेंद्र के साथ हुई थी. भूपेंद्र भी टीचर हैं और मैनपुरी में तैनात हैं. दोनों के डेढ़ साल की बेटी भी है. आज सुबह करीब आठ बजे रक्षा यादव का शव घर के अंदर कमरे में फंदे पर लटका मिला. उस समय घर में मृतका के ससुर थे और भूपेंद्र किशनी में अपने स्कूल में था. घटना के पीछे पति—पत्नी के बीच होने वाला आए दिन झगड़ा बताया जा रहा है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. बताया जाता है कि मृतका का देवर जो कि मर्चेंट नेवी में था वह पिछले 8 महीने से लापता है तो वहीं मृतका के ससुर नंदराम की मानसिक हालत खराब है.