आगरालीक्स…बीबी साथ ले गए अब पार्टी तो दो. संडे है, दो-तीन किलो बकरा बनवा दो और एक बोतल ले आओ…..आगरा के सिपाही का आडियो वायरल, सस्पेंड
आगरा में पति-पत्नी के बीच राजीनामा कराने के बाद सिपाही द्वारा पार्टी देने की मांग करने वाला एक आडियो इस समय तेजी से वायरल हो रहा है. ट्रांस यमुना में तैनात सिपाही एक व्यक्ति से फोन पर दो-तीन किलो बकरा बनवाने और बोतल ले आने की बात कह रहा है. आडियो वायरल होने पर डीसीपी ने सिपाही को सस्पेंड कर दिया है और जांच के आदेश दिए हैं.
ये है पूरा मामला
मामला आगरा के ट्रांस यमुना थाने का बताया जा रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए आडियो में सिपाही एक व्यक्ति से फोन करता है और कह रहा है कि जिस दिन तुम अपनी बीवी को ले गए, उस दिन से तुमने फोन नहीं लगाया है. इस पर सामने से आवाज आती है हां भइया, आदेश करो. सिपाही कहता है कि तुमने कहा था कि बीवी ले जाएंगे तो पार्टी होगी. संडे है आज. दो तीन किलो बकरा बनवा देा और एक बोतल ले आओ. इस पर दूसरा व्यक्ति कहता है कि आज छोड़ दो, आज मैं बाहर हूं. इस पर सिपाही कहता है कि कहां हो, तो वो कहता है कि एटा में हूं.

सिपाही फिर कहता है कि किसी लड़के से कह दो. उस दिन जो तुम्हारे साथ आया था, उससे कह दो. इस पर व्यक्ति कहता है कि मैं दूर हूं. सिपाही कहता है तो ठीक है शाम को आ जाओ. शाम को आजा ध्यान से. लेकिन फिर वो व्यक्ति कहता है कि शाम को आ गया तो ठीक नहीं तो फिर कभी कर दूंगा. इस पर सिपाही कल करने को कहता है.
इधर आडियो वायरल होने पर डीसीवी विकास कुमार ने सिपाही को निलंबित कर दिया है और उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं.