आगरालीक्स…छात्रा को जाना था देहली गेट से खंदारी, किराए पर बात नहीं बनी मगर बैग ऑटो में ही छोड़ा दिया, रात 12 बजे लौटाने पहुंचे ऑटो चालक धीरज
आगरा में ऑटो रिक्शा चालक मिसाल पेश कर रहे हैं। कभी गहनों तो कभी पैसों से भरा बैग लौटा रहे हैं। इस बार मामला एक छात्रा से जुड़ा है। टीम सोल्जर्स आॅफ सोसायटी एसओएस के धीरज बघेल राजा की मंडी रेलवे स्टेशन से अपना रिक्शा चलाते हैं। रविवार रात 11 बजे देहली गेट चाय वाले के पास उन्हें एक छात्रा ने रोका। खंदारी चलने के बारे में कहा, लेकिन किराए को लेकर बात नहीं बनी तो छात्रा रिक्शा में नहीं बैठी। बातचीत के दौरान छात्रा का बैग गलती से आॅटो में ही छूट गया। रात 12 बजे करीब वापस अपने घर जगदीशपुरा पहुंचने पर धीरज की नजर इस बैग पर पड़ी। पहले तो उन्हें समझ नहीं आया कि यह बैग किसका है, लेकिन दिमाग पर जोर डाला तो छात्रा की ओर ध्यान गया। बैग में क्या है ? कहीं छात्रा देर रात इस बैग की वजह से परेशान न हो रही हो यह सोचकर धीरज रात 12 बजे ही वापस देहली गेट स्थित इस चाय की दुकान पर पहुंचे। उन्होंने काफी ढूंढा लेकिन छात्रा नहीं मिली। इसके बाद धीरज ने यह बैग देहली गेट पुलिस चौकी पर ही इंचार्ज के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि रात में ही छात्रा के दो रिश्तेदार भी उसी चाय की दुकान पर पहुंचे जहां से छात्रा ने आॅटो बुक करने की कोशिश की थी, लेकिन चाय वाले ने सुबह आने को कहा। सुबह दोबारा आकर पूछताछ करने पर धीरज के बारे में पता लगा। वे धीरज से मिले तो उन्होंने पुलिस चौकी से बैग लेने की बात कही। इसके बाद छात्रा के रिश्तेदार बैग लेकर रवाना हो गए।