आगरालीक्स…आगरा की एयर क्वालिटी खराब है. आंखों में धुआं सा लग रहा है जिससे जलन हो रही है. आगराइट्स को शुद्ध हवा मिल सके इसके लिए सोमवार को सेमिनार
आगरा की एयर क्वालिटी इस समय स्वास्थ्य के लिए ठीक नहीं है. खासकर उन लोगों के लिए जो कि सांस या दमा जैसी बीमारी से ग्रसित हैं. आगरा में रविवार को आठ बजे एयर क्वालिटी इंडेक्स 155 दर्ज किया गया. ये संजय प्लेस का था लेकिन सेक्टर 3 आवास विकास कॉलोनी में रविवार रात 8 बजे यह 222 एक्यूआई रहा जो कि बहुत खतरनाक है. इसी तरह रोहता में 188, शाहजहां गार्डन में 161 एक्यूआई दर्ज किया गया. आगरा के लोगों को शुद्ध हवा मिल सके लिए लिए सोमवार को एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है.
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा सम्मानित सामाजिक ट्रस्ट लंग्स केयर फाउंडेशन द्वारा डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय एवं सेठ पदम चंद जैन इंस्टीट्यूट के सहयोग से सोमवार सुबह 10 बजे से खंदारी स्थित सेठ पदम चंद जैन इंस्टीट्यूट के सभागार में “वायु प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन की चुनौतियाँ एवं निदान” विषय पर जागरूकता सेमिनार और राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी करेंगी. इंटरनेशनल मैनेजमेंट कंसलटेंट, ट्रेनर, राइटर और लंग्स केयर फाउंडेशन के फाउंडर ट्रस्टी राजीव खुराना सूत्रधार की भूमिका का निर्वाह करेंगे.

केंद्रीय सुरक्षा बल के भूतपूर्व महानिदेशक और लंग्स केयर फाउंडेशन के संरक्षक डॉ. एपी माहेश्वरी वीडियो मैसेज द्वारा सेमिनार को संबोधित करेंगे. आयोजन से जुड़े अरुण कुमार श्रीवास्तव और डॉक्टर मिताली राजा ने बताया कि कार्यक्रम में ओपन हाउस के दौरान ताजनगरी के जाने-माने चिकित्सक, शिक्षाविद और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि ताज नगरी की हवा को शुद्ध करने और पर्यावरण को स्वस्थ करने के लिए विचार साझा करेंगे. इसी मंथन से निकले मोतियों के आधार पर आगरा के पर्यावरण की शुद्धि और वायु प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए सिटी एक्शन ग्रुप का गठन किया जाएगा.