आगरालीक्स….Agra News: आगरा में कल से सहालग शुरू हो रहा है, एमजी रोड और फतेहाबाद रोड पर बैंड बाजे सहित बारात चढ़ाने पर रोक। रात 10 बजे के बाद डीजे पर प्रतिबंध। बैंड वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई। ( Agra News: Band Baja Ban on Fatehabad & MG road in Agra#Agra)
आगरा में देवोत्थान एकादशी से कल यानी एक नवंबर से शादी समारोह शुरू हो रहे हैं। जून तक सहालग है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, फतेहाबाद रोड पर सबसे ज्यादा 70 मैरिज होम हैं, फतेहाबाद रोड पर बारात चढ़ने से जाम लगने लगता है और जाम में लोग घंटों फंसे रहते हैं। वहीं, एमजी रोड पर मेट्रो के काम के चलते पहले ही रोड पर निकलना मुश्किल है ऐसे में एमजी रोड पर बारात चढ़ने से जाम लग सकता है। इसे देखते हुए फतेहाबाद रोड और एमजी रोड पर बारात चढ़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके बाद भी बारात चढ़ाई जाती है तो बैंड वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रात 10 बजे के बाद डीजे पर रोक
इसके साथ ही पुलिस ने मेरिज होम संचालकों को चेतावनी दी है कि रात 10 बजे के बाद डीजे ना बजाएं। इसके लिए मैरिज होम और होटल संचालकों को विशेष ध्यान रखने के लिए कहा गया है।
पुलिस फोर्स भी रहेगी तैनात
इसके साथ ही फतेहाबाद रोड पर बसई, सपा कार्यालय और तोरा कट पर पुलिस फोर्स भी तैनात रहेगी, इन तीनों कटों पर सबसे ज्यादा जाम लगता है। जिससे बारात में जाने वाले और शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे लोग जाम में ना फंसे।