आगरालीक्स…आगरा का बटेश्वर मेला 29 नवंबर से. मैराथन के साथ होगी कुश्ती. सांस्कृतिक के साथ होंगे धार्मिक आयोजन
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदोरिया की अध्यक्षता में जिला पंचायत की बैठक का आयोजन जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से जिला पंचायत के नवनिर्मित भवन का नाम राजनीतिक कूटनीतिक विचारक और अर्थशास्त्री,विद्वान सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के गुरु चाणक्य के नाम से चाणक्य सदन रखा गया। इसके अलावा जिला पंचायत की बैठक में शमशाबाद के गाड़ी धामा के पास राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा लगाने के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। जिला पंचायत की बैठक में उत्तर भारत के ऐतिहासिक प्राचीनतम बटेश्वर मेले को इस बार और ज्यादा दिव्य और भव्य रूप देने पर भी चर्चा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदोरिया ने बताया कि 29 अक्टूबर से 30 नवंबर तक आयोजित बटेश्वर मेले में सांस्कृतिक धार्मिक और व्यावसायिक आयोजन के साथ खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं कराई जाएगी। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह बटेश्वर के विकास के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। पिछले दो वर्षों से कोरोना और फिर लंपी वायरस की वजह से पशु मेले का आयोजन नहीं हो रहा था।

बटेश्वर मेले में दिखेगी धार्मिक में को सांस्कृतिक छटा
जिला पंचायत की बैठक में बटेश्वर मेले को दिव्य रूप देने के लिए बनी सहमति में इस बार मेले में रामलीला और रासलीला का प्रतिदिन आयोजन होगा इसके साथ ही यमुना आरती के साथ भक्तों के आकर्षण के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाएगा।
युवा प्रोत्साहन के लिए होंगी खेल प्रतियोगिताएं
जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदोरिया ने बताया कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप खेल प्रोत्साहन के लिए इस बार बटेश्वर मेले में खेल गांव बनाकर मिनी मैराथन, वॉलीबॉल, कबड्डी, ऊंची कूद और शतरंज जैसी प्रतियोगिताएं कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि मेले में प्राचीन कुश्ती परंपरा को जीवंत करने के लिए अखिल भारतीय स्तर पर दंगल का भी आयोजन किया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में देश के जाने-माने कवि काव्य पाठ करेंगे।
विकास को समर्पित है जिला पंचायत का सदन
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदोरिया ने बताया कि गांव किसान मजदूर और महिला युवाओं के विकास को समर्पित जिला पंचायत सदन विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने में सहयोग के साथ ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम प्रकाश योजना के अंतर्गत सूर्य लाइट लगाने का भी कार्य किया जा रहा है।
मिनी स्टेडियम से युवाओं के खेल सपनों को लगेंगे पंख
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदोरिया ने बताया कि जिला पंचायत की ओर से खेल प्रोत्साहन के लिए शमशाबाद क्षेत्र के बड़ोदरा खुर्द में मिनी स्टेडियम का निर्माण चल रहा है जल्द जैतपुर कला के साथ-साथ किरावली एत्मादपुर में भी मिनी स्टेडियम का निर्माण शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही छोटे बच्चों के खेलने के लिए चिल्ड्रन पार्क ओपन जिम और पार्कों में बुजुर्गों के बैठने के लिए बेंच लगाने की कार्य योजना तैयार की गई है।
इनकी रही सहभागिता
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदोरिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विधायक छोटेलाल वर्मा, एमएलसी विजय शिवहरे, श्याम भदौरिया के साथ मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह और जिला पंचायत के अधिकारियों और सदस्यों की मौजूदगी रही।