आगरालीक्स…Agra News : आगरा में भावना एस्टेट मॉल में शराब की दुकान खोले जाने का विरोध, महिलाएं संचालित करती हैं दुकानें ऐसे में शराब की दुकान खुलने से बिगड़ेगा माहौल। जिलाधिकारी को लिखा पत्र। ( Agra News : Bhawana estate Mall shopkeepers opposes liquor shop#Agra )
आगरा में एक अप्रैल को शराब की दुकान के नए लाइसेंस जारी किए गए हैं रिहायशी इलाकों में शराब की दुकानें खुलने पर विरोध हो रहा है। आगरा के सिकंदरा स्थित भावना एस्टेट मॉल के दुकानदारों का भावना एस्टेट मॉल, सिकंदरा (आगरा) की दुकान संख्या UG-12 में शराब की दुकान खोले जाने का प्रयास किया जा रहा है। यह मॉल भावना एस्टेट की रिहायशी कॉलोनी की दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु बनाया गया था। सभी निवासियों की रजिस्ट्री में यह स्पष्ट रूप से दर्ज है कि इस मॉल परिसर में मांस एवं मदिरा से संबंधित कोई भी व्यापार नहीं किया जाएगा।
इसके बावजूद आबकारी विभाग द्वारा बिना उचित जांच-पड़ताल के शराब की दुकान के लिए लाइसेंस जारी कर दिया गया, जो स्वयं में एक जांच का विषय है। जब रजिस्ट्री में यह निषेध स्पष्ट रूप से उल्लिखित है, तो विभाग द्वारा ऐसे संवेदनशील स्थान पर लाइसेंस कैसे जारी कर दिया गया?
नर्सिंग कक्षाएं और क्लीनिक है संचालित
प्रस्तावित शराब दुकान के ठीक ऊपर नर्सिंग की कक्षाएं संचालित होती हैं। इसके बगल में महिला चिकित्सक डॉ. उजाला सिंह का क्लिनिक है, और पास में ही एक लेडीज़ गिफ्ट शॉप भी स्थित है, जिसे चड्ढा द्वारा संचालित किया जा रहा है। इस पूरे क्षेत्र में अधिकांश दुकानों का संचालन महिलाएं कर रही हैं। ऐसे परिवेश में शराब की दुकान खोला जाना सामाजिक दृष्टिकोण से पूरी तरह अनुचित है और इससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा सामान्य जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
भावना मॉल, सिकंदरा (आगरा) की दुकान संख्या UG-12 में शराब की दुकान खोलने की प्रक्रिया को अविलंब रोका जाए तथा आबकारी विभाग द्वारा दी गई अनुमति की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। भविष्य में कोई भी अप्रिय घटना घटती है, तो उसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।