आगरालीक्स…बाइक सवार युवक के पेट में घुसा आवारा सांड़ का सींग. रात को पत्नी के साथ बाइक से जा रहा था ससुराल. मौत से मचा कोहराम
आगरा के थाना बरहन क्षेत्र का रहने वाले युवक की आवारा सांड़ की टक्कर से मौत हो गई है. युवक रविवार रात को अपनी पत्नी के साथ ससुराल मक्खनपुर फिरोजाबाद जा रहा था. मक्खनपुर के नए बाईपास पर सड़क पर एक आवारा सांड़ ने हमला कर दिया जिससे उसका सींग युवक के पेट में घुस गया जबकि उसकी पत्नी गिर गई. युवक की मौके पर ही मौत हो गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
मृतक युवक का नाम 30 वर्षीय अजय बघेल निवासी उतलासन थाना बरहन बताया गया है. अजय दिल्ली में अपनी पत्नी नेहा के साथ काम करता था. रविवार रात को वह बाइक से अपनी ससुराल ग्राम जिजौली थाना मक्खनपुर जा रहा था.मक्खनपुर के नए बाईपास पर एक आवारा सांड़ ने चलती बाइक पर हमला कर दिया जिससे सांड़ का सींग अजय के पेट में घुस गया. इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. पत्नी नेहा बाइक से गिरकर बेहोश हो गई. बाद में होश आने पर उसने भाई को फोन पर सूचना दी.
सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए. काफी मशक्कत के बाद सांड़ के सींग को अजय के शरीर से बाहर निकाला गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.