आगरालीक्स…आगरा में पुलिस थाने के गेट से बाइक चोरी. सीसीटीवी फुटेज में दिखी बाइक चोरी..आरोप पुलिस ने घटनास्थल बदलवाया
आगरा के थाना न्यू आगरा के गेट से शनिवार को एक बाइक चोरी हो गई. पीड़ित ने इसकी शिकायत की तो आरोप है कि पुलिस ने घटनास्थल बदलवा दिया. घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है.

ये है मामला
मलपुरा के गांव भांडई में रहने वाला सलीम खान के पिता भगवान टाकीज स्थित एक हॉस्पिटल में एंबुलेंस चलाते हैं. दो दिन पहले उनका एक्सीडेंट हो गया था और वे अस्पताल में भर्ती हैं. थाना न्यू आगरा में हादसे की जानकारी देने के लिए शनिवार शाम को करीब पांच बजे सलीम पहुंचा. यहां उसने अपनी बाइक थाने के गेट के बाहर खड़ी कर दी. इसके बाद अंदर चला गया. पीड़ित के अनुसार थाने में निरीक्षक नहीं मिले तो इस पर कर्मचारियों ने उसे कुछ देर में आने को कहा. वह थाने के बाहर जाकर खड़ा हो गया और फिर बाद में अपने पिता के लिए जूस लेने चला गया. जूस लेकर वो लौटा तो उसे थाने के बाहर से अपनी बाइक गायब मिली. इस पर उसने थाने में शिकायत की तो उससे बोला गयाकि वह कहीं और खड़ी करके आया होगा.
सलीम का आरोप है कि उसकी तहरीर पर कार्रवाई नहीं हुई तो उसने डायल 112 पर कॉल किया तब स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम में जाकर दरोगा ने सीसीटीवी चेक किए तो इसमें एक युवक थाने के अंदर जाता हुआ दिखाई दिया और जब वो बाहर निकला तो वह बाइक को ले जाता है. पीड़ित का आरोप है कि पुलिस थाने के बगल में बाइक चोरी होना लिखवा लिया जबकि सीसीटीवी फुटेज में गेट पर खड़ी हुई नजर आ रही है.