आगरालीक्स…आगरा में सुबह—सुबह हाइवे किनारे मिली युवक की लाश. पुलिस कर रही जांच
आगरा में रविवार सुबह झरना नाला के पास एक 35 साल के एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के आगरा-फिरोजाबाद हाईवे किनारे बनी झोपड़ी में एक युवक के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की जानकारी सुबह 7:18 मिनट पर पुलिस को मिली. सूचना पर मंडी चौकी प्रभारी ऋषि कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंचे. वहां मृतक के भाई अनिल, अखिल और अमर सहित आसपास के लोग मौजूद थे. परिजनों ने मृतक की पहचान अमित कुमार (35) पुत्र कैलाश बाबू, निवासी बालाजी मंदिर के पास, कान्हा वन, थाना ट्रांस यमुना के रूप में की. परिजनों ने पुलिस को बताया कि अमित नशे का आदी था। शराब पीने के बाद वह अक्सर परिवार के लोगों से झगड़ा करता था. नशे की हालत में वह पहले भी कई बार अपने पर हमला कर चुका था. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने फील्ड यूनिट को सूचना दी. पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवाकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है. आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. थाना ट्रांस यमुना के थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार ने घटना की जानकारी दी.