आगरालीक्स…आगरा में एमकॉम की छात्रा का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला. एसएससी की कर रही थी तैयारी. पिता ने कमरे में देखा तो उड़ गए होश.
आगरा के न्यू आगरा स्थित प्रतीक्षा एन्क्लेव में सोमवार दोपहर को एमकॉम की छात्रा का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला. वह कासगंज की रहने वाली थी. पिता राम कैलाश गुप्ता के आने पर घटना की जानकारी हुई. सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला सुसाइड का है, जांच की जा रही है.
पिछले साल आई थी आगरा पढ़ाई के लिए
कासगंज के मोहल्ला मोहन गली में रहने वाले रामकैलाश गुप्ता का घी का काम है. रामकैलाश की पांच बेटिया थीं. चार की शादी हो चुकी है और छोटी का नाम सिमरन है. सिमरन सवा साल पहले ही पढ़ाई करने आगरा आई थी. वह खंदारी थित कॉलेज में एमकॉम प्रथम वर्ष की छात्रा थी. इसके अलावा वह एसएससी की भी तैयारी में लगी थी. आगरा में वह न्यू आगरा क्षेत्र स्थित प्रतीक्षा एन्क्लेव में किराये का कमरा लेकर रह रही थी. उसका कमरा पहली मंजिल पर था.

पिता का कहना है कि शनिवार को सिमरन से बात हुई थी. उस समय वह परीक्षा देकर आई थी. उसने रुपये भेजने को कहा था. इस पर सोमवार को पिता राम कैलाश आगरा पहुंचे. इससे पहले उन्होंने फोन किया तो फोन स्विच आफ आया. दोपहर को करीब तीन बजे वह कमरे पर आए. कमरा अंदर से बंद था. काफी आवाज लगाने पर भी जब कोई जवाब नहीं आया तो उन्होंने खिड़की से देखा तो सिमरन का शव पंखे के कुंडे से फांसी के फंदे पर लटका हुआ था. यह देखते ही उनके होश उड़ गए. उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया.
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्म्हत्या का है. जांच की जा रही है. शव दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है. पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है. सुसाइड नोट नहीं मिला है.