आगरालीक्स…आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे वाहन में घुसी बस. 40 यात्री थे सवार. मच गई चीख पुकार
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक निजी बस आगे चल रहे अज्ञात वाहन में पीछे से जा घुसी। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार करीब 40 यात्री बाल-बाल बच गए जबकि कंडक्टर के पैर में मामूली चोट आई। घायल को यूपीडा की एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद भेजा गया। हादसा तड़के करीब 4:45 बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 31+300 पर हुआ।
जानकारी के अनुसार लक्ष्मी हॉलीडे ट्रैवल्स की निजी बस पटना से दिल्ली जा रही थी। बस को चालक विजय सिंह पुत्र संजय सिंह निवासी श्यामदासपुर, थाना अतरौली, हरदोई चला रहा था। इसी दौरान बस आगे चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी सुधीश कुमार शुक्ला, लुहारी चौकी प्रभारी देवेंद्र कुमार, ज्वाला प्रसाद पुलिस बल और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम को मौके पर बस का कंडक्टर घायल अवस्था में मिला। उसके दाहिने पैर में हल्की चोट थी। यूपीडा की एंबुलेंस से घायल कंडक्टर को सीएचसी फतेहाबाद भेजा गया। वहीं बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरी बसों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पुलिस और यूपीडा की टीम ने क्षतिग्रस्त बस को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस हादसे के बाद आगे चल रहे वाहन की जानकारी जुटाने में लगी है।