आगरालीक्स….. आगरा में क्रिप्टोकरेंसी से मोटी कमाई का लालच देकर कारोबारी से लाखों रुपये निवेश कराए। थाईलैंड भाग गया निवेश कराने वाला, लुक आउट नोटिस नोटिस के निर्देश।

आगरा के लॉयर्स कॉलोनी न्यू सुभाष नगर निवासी जय प्रताप सिंह टीजे एंटरप्राइजेज में पार्टनर हैं। उन्होंने 16 नवंबर को थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाए कि 12 अगस्त को उनके पास फोन आया, फोन करने वाले ने अपना नाम रवि पंचाल बताते हुए कहा कि वह सिलीकोन ड्राइव का मार्केटिंग हेड है। क्रिप्टोकरेंसी के रेट एक रुपये तक पहुंच गए हैं, इसके रेट छह महीने में 150 रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है, इसमें निवेश करने से मोटी कमाई होगी। रवि पंचाल ने निवेश के लिए एक और आफर दिया कहा कि सुभाष जेवरिया ने एंटीसी क्वाइन लांच की है, इसके रेट 50 पैसे थे जो बढ़कर 180 रुपये तक पहुंच गए हैं।
कंपनी के मालिक सुभाष जेवरिया से कराई बात, 20 लाख रुपये का कराया निवेश
कारोबारी जय प्रताप सिंह से रवि पंचाल उर्फ बंटी ने जूम के माध्यम से सुभाष जेवरिया से बात कराई और क्रिप्टोकरेंसी में 20 लाख रुपये का निवेश करा लिया। मगर, क्रिप्टोकरेंसी के रेट नहीं बढ़े। इससे कारोबारी जय प्रताप सिंह परेशान हो गए। उन्होंने निवेश किए हुए रुपये वापस मांगे तो रवि पंचाल ने बात करना बंद कर दिया।
थाईलैंड में बार चला रहा सुभाष जेवरिया
जय प्रताप सिंह को शक हुआ उन्होंने जानकारी जुटाई। इसमें पता चला कि सुभाष जेवरिया कई लोगों से निवेश के नाम पर ठगी कर चुका है। महाराष्ट्र में उसके नाम मुकदमा दर्ज हैं। वह थाईलैंड में रहा है और बार चला रहा है, उसके साथी रवि पंचाल सहित अन्य भी थाईलैंड भाग सकते हैं।
पुलिस आयुक्त ने दिए कार्रवाई के निर्देश
इस मामले में जय प्रताप सिंह ने पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतिंदर सिंह से पूरे मामले की शिकायत की, कहा कि सुभाष के साथी विदेश भाग सकते हैं, इनके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किए जाएं। पुलिस आयुक्त ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।