आगरालीक्स आगरा से अलीगढ़ के बीच 86 किलोमीटर लंबे हाईवे के लिए 2016 पेड़ काटने की सीईसी ने दी मंजूरी, 100 किलोमीटर की स्पीड से वाहन दौड़ सकेंगे। ( Agra News: CEC permit to cut 2016 trees for Agra-Aligarh Highway#Agra)
आगरा से अलीगढ़ के बीच 86 किलोमीटर लंबा सिक्स लेन का हाईवे प्रस्तावित है। हाईवे के लिए आगरा और अलीगढ़ में 2016 पेड़ काटने के लिए सेंट्रल इंपावर्ड कमेटी सीईसी से रिपोर्ट मांगी गई थी। सीईसी ने सुप्रीम कोर्ट में रिपोर्ट दाखिल कर दी है।
20160 पेड़ काटने की दी अनुमति
सीईसी के चेयरमैन सिद्धांत दास की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की गई रिपोर्ट में कहा गया है कि वाहनों का जाम अधिक होने से दुर्घटनाएं हो रही हैं इसलिए आगरा से अलीगढ़ के बीच हाईवे बनाने से इन पर रोक लग सकती है। आगरा अलीगढ़ हाईवे के लिए 2016 पेड़ काटने पर उसके 10 गुना यानी 20160 पेड़ लगाने की सिफारिश की गई है। इसमें भी नीम, बबूल, शीशम, पीपल, जामुन सहित अन्य स्वदेशी प्रजातियों के पेड़ लगाने होंगे। एनएचएआई ने पेड़ लगाने के लिए आगरा के फतेहाबाद के गांव बिचौला और मदयाना में जिला प्रशासन से 22.595 हेक्टेयर जमीन आवंटित कराई है। पेड़ लगाने का पूरा खर्चा एनएचएआई उठाएगा और दो साल तक देखरेख करेगा। 2016 के अतिरिक्त एक भी पेड़ काटने पर प्रति पेड़ एक लाख रुपये का जुर्माना लगेगा।
2 साल में बन जाएगा हाईवे
आगरा अलीगढ़ हाईवे दो साल में बन जाएगा। हाईवे में सात पुल, 90 कलवर्ट, एक टोल प्लाजा, 5.9 किलोमीटर लंबे सर्विस रोड और दो रेस्ट एरिया बनाए जाएंगे। 100 किलोमीटर की स्पीड से वाहन दौड़ेंगे।